ईरान में फंसी दुनिया, रूस ने यूक्रेन पर कर दिया हाल के महीनों का सबसे बड़ा हमला, दागे 1000 से ज्यादा ड्रोन

कीव: रूस ने यूक्रेन के खिलाफ अपने सबसे बड़े हमलों में से एक को अंजाम दिया है। यूक्रेनी सेना के अनुसार, रूस ने पिछले 24 घंटे में 1000 ड्रोन दागे हैं। इनमें से 550 से ज्यादा ड्रोन देश भर के अलग-अलग ठिकानों पर दागे गए। यह दिन के समय किया गया एक दुर्लभ और जानलेवा हमला था। पश्चिमी यूक्रेनी क्षेत्र इवानो-फ्रांकिव्स्क की गवर्नर ने बताया कि क्षेत्र में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों में देश में कम से कम 40 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। यूक्रेनी वायु सेना के प्रवक्ता यूरी इग्नाट ने कहा कि यह दिन के दौरान हुए सबसे बड़े हमलों में से एक था, जिसमें मध्य और पश्चिमी यूक्रेन की ओर ड्रोन भेजे गए।
लविव में 22 लोग घायल
लविव शहर के मेयर ने बताया कि हमले में कम से कम 22 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि कम से कम 541 ड्रोन मार गिराए गए या निष्क्रिय कर दिए गए। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने ड्रोन हमलों में आवासीय इमारतों और शहरी केंद्रों को भी निशाना बनाया। अस्पताल और चर्च भी रूसी हमले का शिकार हुए हैं।
ईरानी ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा रूस
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस पर ईरानी ड्रोन का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। जेलेंस्की ने कहा, रूस द्वारा आधुनिक बनाए गए ईरानी शाहिद ड्रोन लविव के चर्च पर हमले कर रहे हैं। यह पूरी तरह से एक विकृत मानसिकता का प्रदर्शन है और पुतिन जैसा व्यक्ति ही इसमें आनंद ले सकता है। उन्होंने आगे कहा कि हमले का पैमाना साफ दिखाता है कि रूस का युद्ध को खत्म करने का कोई इरादा नहीं है।





