भोपाल कोर्ट में हाई-वोल्टेज ड्रामा, पूर्व सांसद आलोक संजर के बेटे से मारपीट, वकीलों ने आरोपी को 8 घंटे तक बनाया बंधक

भोपाल। जिला न्यायालय में मंगलवार को फैमिली कोर्ट के सामने पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर के वकील बेटे अनंत संजर से मारपीट हो गई। इसमें उनके कपड़े फट गए। यह देखकर वकीलों ने हमलावर को घेर लिया। उसे आठ घंटे तक कोर्ट में लगभग बंधक बनाकर रखा। माफी मांगने के बाद उसे पुलिस सुरक्षा में निकाला जा सका। भोपाल के पूर्व सांसद आलोक संजर के बेटे अनंत संजर पेशे से वकील हैं और जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं।

उनका साला विद्युत भटनागर कोलार क्षेत्र में रहता है। अनंत का कहना है कि वर्ष 2024 में विद्युत की शादी हुई थी और उसके बाद से ही वह पत्नी से मारपीट करता था। इसे लेकर पहले मैंने अपनी पत्नी के साथ उसे कई बार समझाया, लेकिन दोबारा उसने मारपीट की तो कोलार थाने में शिकायत की थी। पिछले दिनों उसकी पत्नी ने कोर्ट में परिवाद दायर किया था, जिसकी मंगलवार को सुनवाई थी और वह विद्युत की पत्नी की ओर से पैरवी करने वाले थे।

अनंत का आरोप है कि दोपहर करीब एक बजे जब वह न्यायाधीश राजदीप सिंह ठाकुर की कोर्ट जी-17 के बाहर महिला पक्षकार के साथ मौजूद थे। तभी वहां विद्युत भटनागर पहुंचा और अभद्रता शुरू कर दी। इसी बीच उसने झूमाझटकी और मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसकी जैकेट का बटन टूट गए और गाल पर आंख के पास नाखून से चोट लग गई। दोनों पक्षों ने एमपी नगर थाने में एक दूसरे के खिलाफ शिकायत की है।

वकीलों ने आरोपित को पीटा

घटना के बाद परिसर में मौजूद वकील आक्रोशित हो गए और उनके विद्युत पर टूट पड़े। किसी तरह वह बचकर दूसरी कोर्ट में भाग गया। जिसके बाद वकीलों की भीड़ कोर्ट के बाहर उसे दिन भर घेरे खड़ी रही और जमकर नारेबाजी की।

छह थानों से बल बुलाना पड़ा

विद्युत भटनागर करीब आठ घंटे तक वह कोर्ट में ही बंधक बना रहा। स्थिति संभालने के लिए छह थानों से पुलिस कर्मियों को वहां लगाया गया। उसने कृत्य के लिए माफी मांगते हुए वीडियो बनाया उसके बाद वकील उसकी राह छोड़ने को तैयार हुए। रात करीब नौ बजे पुलिस सुरक्षा के बीच वह कोर्ट से वापस निकल सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button