रमीज रजा ने बॉल टैंपरिंग पर शाहीन अफरीदी को किया जवाब तलब, जवाब देने में छूटे पसीने

लाहौर: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में रविवार को हुए बॉल टैंपरिंग ने अब तूल पकड़ लिया है। लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन अफरीदी मैच के बाद रमीज राजा के तीखे सवालों के सामने पूरी तरह असहज नजर आए और उनके गोल-मोल जवाबों ने संदेह को और गहरा कर दिया है। फैंस को अब पूरी तरह से शक होने लगा है कि गेंद के साथ जरूर कुछ किया गया था।

रमीज राजा की गूगली पर फंसे शाहीन

मैच खत्म होने के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज रमीज राजा ने शाहीन अफरीदी को घेर लिया। जब रमीज ने सीधे तौर पर बॉल टैंपरिंग की घटना के बारे में पूछा, तो शाहीन कई बार लड़खड़ाए। शाहीन ने कहा, ‘मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता। हम कैमरे की फुटेज देखेंगे कि आखिर क्या हुआ था। हकीकत यह है कि 5 रन की पेनल्टी लग गई और अब हम कुछ नहीं कर सकते।’

अंपायरों पर फोड़ा ठीकरा

रमीज राजा यहीं नहीं रुके और उन्होंने आरोपों पर सफाई मांगी। इस पर शाहीन ने बचाव करते हुए कहा, ‘आपको अंपायरों से पूछना चाहिए कि उन्होंने गेंद क्यों बदली। जब हमने उनसे वजह पूछी, तो उन्होंने हमें दूर जाने को कह दिया। निर्णय लेते समय अंपायरों ने मुझसे और अन्य खिलाड़ियों से अपनी फील्डिंग पोजीशन पर वापस जाने का अनुरोध किया था।’

वीडियो फुटेज और 5 रनों की भारी कीमत

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आखिरी ओवर से पहले शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमान आपस में चर्चा करते हुए गेंद के साथ कुछ कर रहे थे। अंपायरों ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए लाहौर पर 5 रनों की पेनल्टी लगा दी। इसी का फायदा उठाकर कराची किंग्स ने आखिरी ओवर की पहली तीन गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और रोमांचक जीत दर्ज की।

सिकंदर रजा की सेफ सफाई

दूसरी ओर अनुभवी खिलाड़ी सिकंदर रजा ने खुद को इस विवाद से दूर कर लिया है। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने केवल ओस के कारण गीली हुई गेंद को सुखाने की कोशिश की थी और उन्हें किसी भी आधिकारिक जांच के लिए नहीं बुलाया गया है। रजा का मानना है कि बिना पुख्ता सबूत के इतना बड़ा फैसला लेना हैरान करने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button