संजना पांडेय की ‘तुलसी विवाह’ का ट्रेलर रिलीज, शादी के बाद खुला बीमारी का सच तो ससुरालवालों ने छोड़ा

भोजपुरी फिल्मों की स्टार संजना पांडेय की नई फिल्म ‘तुलसी विवाह’ का ट्रेलर हाल ही रिलीज हुआ और चर्चा में आ गया। कहानी एक ऐसी लड़की की है, जिसकी शादी हो जाती है, पर शादी के बाद उसकी गंभीर बीमारी का राज सबके सामने आता है, तो पैरों तले जमीन खिसक जाती है। लड़की को कैंसर होने की बात सामने आती है, जिस पर ससुरालवाले उसे ताने मारते हैं और घर से निकाल देते हैं। पर पति उसका सहारा बनता है और कैंसर से जंग में उसके साथ मैदान में उतरता है।
‘तुलसी विवाह’ का ट्रेलर 28 मार्च को रिलीज हुआ था और अभी यूट्यूब पर चौथे नंबर पर ट्रेंड कर रहा है। फिल्म की कहानी एकदम झकझोरने वाली है और संजना पांडेय भी तुलसी के रोल में छा गई हैं।
‘तुलसी विवाह’ के ट्रेलर में क्या है?
ट्रेलर में दिखाया गया है कि तुलसी को देखने लड़के वाले आते हैं। तुलसी की दादी से लेकर मम्मी-पापा तक उसके गुण गिनाते हैं। रिश्ता तय हो जाता है और सास कहती है कि अब तुलसी विवाह होगा। शादी की तैयारियां शुरू होती है, लेकिन इसी बीच तुलसी की तबीयत बिगड़ जाती है। डॉक्टर उसके टेस्ट करते हैं, रिपोर्ट आती है, तो पता चलता है कि तुलसी को कैंसर है। तुलसी के चाचा-चाची बुरी तरह टूट जाते हैं। फिर तुलसी की चाची उसके चाचा को कसम देती है कि वह यह बात किसी को भी न बताएं। शादी हो जाती और जब आसपास के लोग देखने आते हैं तो तुलसी की तबीयत बिगड़ जाती है। तब पति और ससुरालवालों को भी पता चल जाता है कि तुलसी को कैंसर है।
बीमारी पता चली, सास ने घर से निकाला, पति बना सहारा
इसके बाद महाभारत छिड़ जाती है। तुलसी की सास उसे घर से निकाल देती है, पर तुलसी का मां डटकर खड़ी हो जाती है। इस लड़ाई में तुलसी का पति उसका बड़ा सहारा बनता है। उसका इलाज करने के लिए वह घर का अपना हिस्सा भी बेच देता है। लेकिन दूसरा भाई पिता को भड़का देता है। बात बंटवारे तक पहुंच जाती है। इस बीच तुलसी, सास के कहने पर पति को छोड़कर घर से निकल जाती है और दर-दर भटकर भीख मांगती है। पति उसे ढूंढकर लाता है, इलाज शुरू होता है। तुलसी के बाल चले जाते हैं तो पति भी गंजा हो जाता है।
तुलसी ने अपने दम पर करोड़पति, खुद इलाज करवाया
एक दिन डॉक्टर तुलसी और उसके पति को बताते हैं कि उसके कैंसर का इलाज मिल गया है, पर एक करोड़ रुपये चाहिए। तुलसी की चाची मदद से इनकार कर देती है और चाचा को घर में बंद कर देती है। तब तुलसी खुद ही अपने लिए पैसे जमा करने निकल पड़ती है और एक दिन ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर पहुंच जाती है। फिर वह अपना इलाज करवाती है। आगे क्या होता है? क्या तुलसी बच जाती है? क्या वह एक करोड़ रुपये जीत पाती है? उसके ससुरालवाले उसे स्वीकार कर लेते हैं? यह फिल्म ‘तुलसी विवाह’ देखने पर ही पता चलेगा।
‘तुलसी विवाह’ का ट्रेलर देख फैंस भावुक, फिल्म रिलीज का इंतजार
‘तुलसी विवाह’ के ट्रेलर पर दमदार रिस्पॉन्स है और लोगों को काफी पसंद आ रहा है। वो इसे देख भावुक भी हो गए और फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एक ने लिखा है, ‘बहुत बढ़िया और दमदार ट्रेलर है। अब फिल्म का इंतजार है।’ एक बोला, ‘प्लीज जल्दी से फिल्म रिलीज करो। ये यूट्यूब पर कब आएगी?’ एक ने लिखा, ‘ट्रेलर भावुक करने वाला है। एकदम दिल को छू गया।’
‘तुलसी विवाह’ की कास्ट
‘तुलसी विवाह’ की कास्ट की बात करें, तो इसमें संजना पांडेय और गोलू तिवारी के अलावा संजय पांडेय, कंचन मिश्रा, अलोक सिंह, प्रकाश जैस, निशा तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह और श्वेता कुमारी जैसे कलाकार हैं। फिल्म को मंजुल ठाकुर ने डायरेक्ट किया है और राइटर सत्येंद्र झा हैं।





