खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान में शुरू होंगी इमरजेंसी और ICU सुविधाएं, हर्बल गार्डन का भी होगा विस्तार

भोपाल। पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान के विकास को अब नए पंख लगेंगे। संस्थान में न केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं जैसे इमरजेंसी यूनिट, आईसीयू और एनआईसीयू स्थापित की जाएंगी, बल्कि शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए नए छात्रावासों का निर्माण भी किया जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में आयोजित संस्थान की साधारण सभा की बैठक में लिया गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक बजट (वित्तीय प्राक्कलन) का अनुमोदन किया गया। साथ ही, चिकित्सालय के पैथोलाजी विभाग में होने वाली ई.एम.जी, ई.ई.जी, ईको-कार्डियोग्राफी और अल्ट्रा सोनोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण जांचों की दरों का निर्धारण भी किया गया। संस्थान की प्रयोगशाला को एनएबीएल प्रत्यायन दिलाने और अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिका के प्रकाशन पर भी विस्तृत मंथन हुआ।
आदिवासी उपचार पद्धतियों पर होगा शोध
मंत्री परमार ने निर्देशित किया कि संस्थान के पांच एकड़ में फैले हर्बल गार्डन का विस्तार किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी अंचलों में प्रचलित पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से शोध करने पर जोर दिया। इसके साथ ही, मंत्री ने धार और बड़वानी जिलों में सिकल सेल रोगियों के लिए आयुर्वेदिक औषधियों के सहायक उपचार पर आधारित एक विशेष अध्ययन रिपोर्ट का विमोचन भी किया।
आगामी कार्ययोजनाओं के तहत संस्थान में एनिमल हाउस, फार्मेसी भवन और इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का कार्य पूर्ण करने तथा 150 सीटों वाले पीजी बायज व गर्ल्स हास्टल के निर्माण के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में आयुष विभाग के अपर सचिव डा. संजय मिश्र और प्रधानाचार्य डा. उमेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
इन संस्थानों के साथ हुआ एमओयू
- उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल के साथ शैक्षणिक समन्वय।
- भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के साथ शोध साझा करना।
- भोपाल मिलिट्री स्टेशन में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का संचालन।





