ईरान में सीजफायर से गौतम अडानी की लॉटरी

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में सीजफायर से बुधवार को शेयर बाजार में भारी तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 2900 अंक से अधिक उछला। इससे निवेशकों को 17 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। देश के तीसरे बड़े औद्योगिक घराने अडानी ग्रुप के शेयरों में कारोबार के दौरान 13 फीसदी तक तेजी आई। इससे ग्रुप का मार्केट कैप 96,000 करोड़ रुपये बढ़ गया। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में 6.06 अरब डॉलर यानी करीब 56,0000 करोड़ रुपये की तेजी आई।
इसके साथ ही अडानी की नेटवर्थ 84.1 अरब डॉलर पहुंच गई है। वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 21वें नंबर पर हैं। अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी की एक और बड़ी वजह रही। अडानी ने अमेरिका में सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के सिविल फ्रॉड मामले को खारिज करने के लिए अदालत का रुख किया है। यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने प्री-मोशन कॉन्फ्रेंस के लिए अडानी के अनुरोध को मान लिया है। एसईसी ने नवंबर 2024 में अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी पर भारत में सोलर एनर्जी से जुड़े ठेके हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को रिश्वत देने की साजिश रचने का आरोप लगाया था
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ
इस बीच देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 3.3 फीसदी तेजी आई। इससे कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में 3.37 अरब डॉलर की तेजी आई। इसके साथ ही उनकी नेटवर्थ 91.9 अरब डॉलर पहुंच गई है। वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 18वें और एशिया में पहले नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 15.8 अरब डॉलर की गिरावट आई है।
दुुनिया के टॉप 10 रईस
दुनिया के अमीरों की लिस्ट में एलन मस्क 623 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। लैरी पेज ($270 अरब) दूसरे, सर्गेई ब्रिन ($251 अरब) तीसरे, जेफ बेजोस ($243 अरब) चौथे, मार्क जकरबर्ग ($217 अरब) पांचवें, लैरी एलिसन ($192 अरब)छठे, बर्नार्ड आरनॉल्ट ($165 अरब) सातवें, माइकल डेल ($157 अरब) आठवें, जेंसन हुआंग ($151 अरब) नौवें और जिम वॉल्टन ($150 अरब) दसवें नंबर पर हैं।





