‘शुक्र है शादी से पहले प्रेग्नेंट हो गई’, Neha Dhupia ने बताया मच गई थी अफरा-तफरी, चौंक गए थे करीबी

एक्ट्रेस और ‘रोडीज’ की गैंग लीडर नेहा धूपिया ने जब साल 2018 में अचानक एक्टर अंगद बेदी संग शादी का ऐलान किया, तो हर कोई चौंक गया था। उस दौरान यह खबर खूब उड़ी कि पूर्व मिस इंडिया नेहा शादी से पहले ही प्रेग्नेंट थीं। यह बात सच भी साबित हुई, क्योंकि मई में गुरुद्वारे में शादी के 5 महीने बाद ही नवंबर 2018 में उन्होंने बेटी मेहर धूपिया बेदी को जन्म दिया। शादी से पहले प्रेग्नेंसी को लेकर तब नेहा धूपिया पर खूब सवाल उठाए गए, लेकिन इस कपल ने ‘ओछी ट्रोलिंग’ से ज्यादा अपने प्यार को महत्व दिया। इस पर उन्हें फैंस का भी साथ मिला। अब इस कपल ने अपनी अनोखी लव स्टोरी के बारे में खुलकर बात की है और बताया कि कैसे उनकी सालों की दोस्ती और अचानक प्रेग्नेंसी ने उन्हें एक-दूसरे के करीब ला दिया। अंगद बेदी और नेहा धूपिया अब दो बच्चों के माता-पिता हैं।
नेहा धूपिया ने 10 मई 2018 को एक गुरुद्वारे में एक निजी समारोह में, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के बेटे और एक्टर अंगद बेदी से शादी की। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। शादी के 5 महीने बाद 18 नवंबर 2018 को बेटी मेहर का जन्म हुआ। जबकि साल 2021 में उनका दूसरा बच्चे, बेटा गुरिक धूपिया बेदी पैदा हुआ।
भारती और हर्ष से कहा- 8 साल से पीछे पड़े थे अंगद बेदी
अब भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट पर बात करते हुए अंगद बेदी ने बताया कि वह करीब 10 साल से नेहा का दिल जीतने में लगे हुए थे। जी हां, अंगद ने मजेदार अंदाज में कहा, ‘मैं 8 साल तक नेहा के पीछे पड़ा रहा। मैं उसके पीछे लगा हुआ था, लेकिन उसने कभी मुझे ‘हां’ नहीं कहा। वह अपने काम में बहुत बिजी रहती थी।’
अंगद बेदी की नेहा धूपिया की पहली मुलाकात
अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए एक्टर ने कहा, ‘जब मैंने उसे पहली बार देखा तो दिल हार बैठा। मुझे लगा कि ये कितनी बहुत खूबसूरत है। वह ट्रेडमिल पर दौड़ रही थी और मैं उसके पीछे खड़ा बस उसे देख रहा था। सोच रहा था कि उसकी बॉडी कितनी फिट है। मुझे उसके दौड़ने का अंदाज बहुत पसंद आ गया। मुझे पहले लगा कि वह एक एथलीट है।’
नेहा धूपिया बोलीं- मैं तब सच में काम पर फोकस्ड थी
दूसरी ओर, नेहा धूपिया ने भी पॉडकास्ट में बताया कि तब उनका पूरा ध्यान अपने करियर पर था। 45 साल की एक्ट्रेस ने कहा, ‘मैं सोचती थी कि मुझे सुबह उठना है, एक्सरसाइज करनी है और फिर काम पर जाना है। मेरा पूरा ध्यान सिर्फ काम पर था। ऐसा नहीं था कि मैं सिर्फ काम के बारे में सोचती थी। मेरा मानना था कि अगर इस दौरान मुझे कोई दिलचस्प इंसान मिल जाता है तो ठीक है।’
नेहा से ज्यादा उनकी मां के साथ समय बिताते थे अंगद बेदी
बातचीत आगे बढ़ी तो अंगद ने बताया कि उन्होंने कैसे नेहा के करीब आने की कोशिश की। वह याद करते हुए बताते हैं, ‘उसने मुझसे अपनी एक फिल्म में काम करने के लिए कहा और कहा कि कोई नरेशन नहीं होगा, बस सेट पर आ जाना। मैं चला गया। मैंने सेट पर उसके साथ कुछ समय बिताया, लेकिन वहां उनकी मां भी मौजूद थीं। आखिरकार, मैंने उनकी मां के साथ ही ज्यादा समय बिताया। मैंने सोचा कि अगर मां इतनी अच्छी हैं, तो वह भी जरूर अच्छी होगी।’
नेहा धूपिया के माता-पिता ने रिश्ते को दे दी थी मंजूरी
अंगद कहते हैं, ‘नेहा के आस-पास 5-6 दिलचस्प लोग थे। मैं तो उसकी नजर में भी नहीं था। मजेदार बात ये है कि उनके माता-पिता ने हमारे रिश्ते को मंजूरी दे दी थी। मैं इनके माता-पिता के पास गया और उन्होंने कहा कि हमें कोई दिक्कत नहीं है, उससे पूछ लो। लेकिन इसने मुझे सालों तक इंतजार करवाया।’
अचानक हुई प्रेग्नेंसी ने सब कुछ बदल दिया
नेहा धूपिया शादी से पहले प्रेग्नेंसी को भगवान का अशीर्वाद बताती हैं। वह बोलीं, ‘मैं भगवान का शुक्र अदा करना चाहती हूं कि हम प्रेग्नेंट हुए। वह एक ऐसा आशीर्वाद है जो हमारी प्रेम कहानी को पूरा करने का जरिया बनी। वरना, आप इधर-उधर देखते ही रहते हैं। जिस प्यार की आप तलाश कर रहे होते हैं, वह ठीक आपके बगल में ही होता है, लेकिन हम हमेशा दूर देखते हैं।’
‘प्रेग्नेंट थे तो सोचा कि अब शादी कर ही लेते हैं’
नेहा धूपिया ने आगे कहा, ‘यह हमारी बेटी ही थी जिसने हमें एक साथ जोड़ा, क्योंकि हम प्रेग्नेंट थे तो हमने सोचा कि बस अब शादी कर ही लेते हैं। पूरी कायनात पहले उसके लिए, फिर मेरे लिए, और फिर हम दोनों के लिए एक साथ आ गई।’ इस पर अंगद बेदी ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैं इनकी प्रायोरिटी लिस्ट में टॉप 5 में हूँ। पहले बच्चे, फिर काम, फिर माता-पिता, फिर घर, और फिर मैं।’
जब नेहा धूपिया ने अंगद बेदी को बताई प्रेग्नेंसी की बात
नेहा धूपिया ने इससे पहले भी प्रेग्नेंसी और फिर अचानक हुई शादी पर खुलकर बात की थी। ‘पीपिंग मून’ के साथ बातचीत में उन्होंने कहा था, ‘मैं यह बात साफ कर देना चाहती हूं कि हां, मैं शादी से पहले मैं प्रेग्नेंट थी और इसमें कोई दिक्कत नहीं है।’
शादी से पहले गभर्वती होने पर चौंक गए थे करीबी दोस्त
एक्ट्रेस ने ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ के साथ एक पुरानी बातचीत में बताया था कि शादी से पहले प्रेग्नेंसी की बात उनके करीबी दोस्तों के लिए भी कितनी चौंकाने वाली थी। इनमें सोहा अली खान भी शामिल थीं। नेहा ने कहा, ‘उस समय तो बस अफरा-तफरी मची हुई थी, क्योंकि मैं प्रेग्नेंट थी। हालांकि, मैं सोहा को अपनी शादी में नहीं बुला पाई थी, लेकिन प्रेग्नेंसी के बारे में जानने वाली वह पहली कुछ लोगों में से एक थी। वह चौंक गई थी।’





