सड़क पर खेल रही थी 2 साल की बच्ची, कार की चपेट में आने से हुई मौत

मोरबी: गुजरात के मोरबी जिले में सोमवार को एक कार की चपेट में आने से दो साल की बच्ची की मौत हो गई। यह घटना अलाप रोड पर पटेलनगर सोसाइटी के पास हुई। पीड़िता बच्ची सड़क पर खेल रही थी, तभी एक कार ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

कार के नीचे दबने से बच्ची की मौत

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची सड़क के एक मोड़ के पास खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक कार सड़क पर आती है और उसका अगला पहिया बच्ची को कुचल देता है। इसके बाद कार तुरंत रुक जाती है और कार सवार बच्ची को देखने के लिए उसे उठाता है। सीसीटीवी फुटेज में ये भी दिख रहा है कि लोग घटनास्थल पर इकट्ठा होते हैं और कार सवार से भिड़ने लगते हैं। मोरबी पुलिस ने कार सवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान नीरवभाई महादेवभाई भोरानिया के रूप में हुई है।

पुणे में भी हुई थी ऐसी घटना

इससे घटना से एक महीने पहले पुणे के एक रेजिडेंशियल सोसाइटी के अंदर भी साइकिल चला रहे एक पांच साल के बच्चे को एक कार ने टक्कर मार दी थी। इस बच्चे की पहचान निष्कर्ष अश्वत स्वामी के तौर पर हुई, जो अपने परिवार के साथ जॉय नेस्ट सोसाइटी में रहता था। निष्कर्ष अपनी दादी के साथ कॉम्प्लेक्स के अंदर खेल रहा था। इस घटना का भी सीसीटीवी वीडियो सामने आया था, जिसमें देखा जा सकता था कि एक कार अचानक से आई और एक बच्चे को टक्कर मार दी। इसके बाद कार ड्राइवर जल्दी से गाड़ी से बाहर निकला था और घायल बच्चे को एक प्राइवेट अस्पताल ले गया था। लेकिन डॉक्टर्स ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button