पानी कितना गर्म हुआ यह चेक करने के लिए हीटर रॉड लगी बाल्टी में डाल दिया हाथ, भोपाल में सातवीं के छात्र की मौत

भोपाल। पिपलानी क्षेत्र स्थित आनंद नगर में सातवीं कक्षा के एक छात्र की करंट से झुलसकर मौत हो गई। छात्र हीटर रॉड से बाल्टी में पानी गर्म कर रहा था। उसने स्विच बंद किए बगैर गर्म पानी जांचने बाल्टी में हाथ डाल दिया। इसी दौरान हीटर रॉड में करंट उतर गया। उसने जैसे ही पानी को छुआ तो उसमें डूबी रॉड से चिपककर झुलस गया।
घायल छात्र को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिपलानी थाने के एएसआई अजय वाजपेयी ने बताया कि 13 वर्षीय केशव चौकसे आनंद नगर क्षेत्र में रहता था और वह एक निजी स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। उसके पिता राजकुमार चौकसे ड्राइवरी का काम करते हैं। रविवार को महाशिवरात्रि पर घर में पूजन होना था। केशव को उसके माता-पिता ने जल्दी नहाने को बोला।
पिपलानी पुलिस कर रही जांच
सुबह करीब 11:30 बजे केशव ने नहाने के लिए हीटर राड से बाल्टी में गर्म पानी करने रखा। कुछ देर बाद पानी का तापमान जांचने के लिए जैसे ही बाल्टी में हाथ डाला और राड को छू लिया, जिससे उसका अंगूठा और मध्य अंगुली रॉड में ही चिपक गई। इस दौरान हीटर रॉड का स्विच चालू ही था। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। स्वजन ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पिपलानी पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
मातम में बदलीं पर्व की खुशियां, जिस बेटे का कर रहे थे पूजा के लिए इंतजार, वह हो गया दूर
केशव घर का बड़ा बेटा था, उससे छोटा एक भाई है। महाशिवरात्रि पर जहां पूरा परिवार पूजा की तैयारी में जुटा था, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियों की वह सुबह चीख-पुकार में बदल गई। पूजा के लिए जिस बेटे के स्नान कर आने का इंतजार हो रहा था, वही हमेशा के लिए दूर चला गया। पिता की आंखों में बेटे को खोने का अविश्वास है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पर्व की रौनक अब पूरे परिवार के लिए मातम में बदल चुकी है।





