आई बैंक एसो. व एअर इंडिया के बीच सहमति:अब देशभर में एअर इंडिया से कॉर्निया भेजना होगा फ्री

अब देश के किसी भी कोने में जरूरत पड़ने पर आई बैंक और अस्पतालों में डोनेट किए गए कॉर्निया को एयर इंडिया की फ्लाइट से पूरी तरह मुफ्त भेजा जाएगा। इसके लिए एयर इंडिया कोई कार्गो शुल्क नहीं लेगी। इस संबंध में आई बैंक एसोसिएशन और एयर इंडिया के बीच सहमति बन गई है।

सेंट्रल जोन आई बैंक एसोसिएशन की चेयरपर्सन उमा झंवर ने बताया कि एयरलाइंस से लगातार बातचीत के बाद एयर इंडिया ने देशभर में नेत्रदान से प्राप्त कॉर्निया का मुफ्त परिवहन तय किया है।

भोपाल एम्स के नेत्र रोग विभाग की एचओडी डॉ. भावना शर्मा का कहना है कि इस फैसले से दान किए गए कॉर्निया को विभिन्न शहरों तक नि:शुल्क पहुंचाने में मदद मिलेगी।

ऑर्गन डोनेशन की जागरूकता के लिए काम करने वाले डॉ. राकेश भार्गव का कहना है कि एअर इंडिया की पहल सराहनीय है। सभी एयरलाइंस को ऐसा करना चाहिए। लेकिन महत्वपूर्ण ये है कि अन्य अंग जैसे लंग्स, लिवर, हार्ट आदि का परिवहन भी फ्री किया जाए, क्योंकि ये अंग सिर्फ 4 से 6 घंटे में ट्रांसप्लांट करना होता है। इसमें सरकार और एयरलाइंस कंपनी को मिलकर एक पॉलिसी बनाना चाहिए।

अब तक 3000-4000 रुपए तक कार्गो चार्ज देना पड़ता था

  • अब तक एक शहर से दूसरे शहर कॉर्निया भेजने में 3 से 5 हजार रुपए तक खर्च आता था। यह राशि मरीज या उनके परिजनों को चुकानी पड़ती थी। कई मामलों में निजी अस्पताल यह चार्ज दो से तीन गुना तक वसूलते थे।
  • नेत्रदान मृत्यु के 6 घंटे में जरूरी है। कॉर्निया 1 दिन से 2 हफ्ते तक सुरक्षित रह सकता है।
  • देश में 4.20 लाख मरीज कॉर्निया ट्रांसप्लांट के लिए वेटिंग लिस्ट में हैं। भोपाल में यह आंकड़ा 2000 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button