भोपाल। शहर में जर्जर मकानों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई की रफ्तार का अंदाजा ऐशबाग के जनता क्वार्टर से लगाया जा सकता है। यहां 1986 में बने करीब 600 मकानों को निगम ने वर्ष 2016 में ही जर्जर घोषित कर दिया था। इसके बाद वर्ष 2018 से हर मानसून से पहले नोटिस जारी किए जाते रहे, लेकिन मकानों को गिराने की कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को जाकर इनमें से 599 मकानों को ध्वस्त किया गया।

जर्जर मकानों को तोड़ने का आंकड़ा करीब 700 तक पहुंचा

जनता क्वार्टर की कार्रवाई के साथ शहर में जर्जर मकानों को तोड़ने का आंकड़ा करीब 700 तक पहुंचा है। इसमें ओल्ड सुभाष नगर और गौतम नगर में पाठ्य पुस्तक निगम के करीब 40 क्वार्टरों के साथ पंचशील नगर स्थित क्वार्टर को तोड़ने की कार्रवाई भी शामिल है। इसके बावजूद शहर में करीब 2700 जर्जर मकान अब भी बचे हुए हैं। यानी कुछ इलाकों में बुलडोजर चलने के बाद भी खतरा खत्म नहीं हुआ है।


मानसून से पहले हर साल जारी होते हैं नोटिस

दरअसल, मानसून से पहले नगर निगम ने शहर में 3485 जर्जर मकान चिह्नित किए थे। इनमें करीब 900 मकान अति जर्जर श्रेणी में रखे गए थे। इन सभी को निगम ने मानसून से पहले नोटिस जारी किए थे। ऐसे मकानों में रहना किसी भी समय हादसे की वजह बन सकता है।


इसके बावजूद चिह्नित मकानों में से बड़ी संख्या में अब तक कार्रवाई का इंतजार है। हर साल बारिश से पहले सर्वे, नोटिस और चेतावनी जारी करने की कवायद होती है, लेकिन जर्जर मकानों को खाली कराने और गिराने की कार्रवाई उसी अनुपात में नहीं दिखती।

फैक्ट फाइल

  • 3485 जर्जर भवन मानसून से पहले किए थे चिह्नित

  • 900 भवन अति जर्जर

  • 700 से अधिक जर्जर इमारतें निगम ने ध्वस्त कीं।

इन्हें चार साल से नोटिस दे रहा निगम

  • अरेरा कालोनी : ई-5/74 बंगला और ई-6 में नाले के ऊपर बने 19 जनता क्वार्टर।

  • जवाहर चौक और धोबी घाट : सरस्वती नगर में हाउसिंग बोर्ड के एमआइजी, जूनियर एमआइजी, एलआइजी ब्लाक और धोबी घाट के ईडब्ल्यूएस कभी भी ढह सकते हैं।

  • पुराना शहर : इब्राहिमपुरा, गुर्जरपुरा और काजीपुरा में 17 से ज्यादा निजी मकान।