भोपाल में बुधवार को भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली। इस दौरान अटल पथ पर सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस किस मुंह से लोकतंत्र की रक्षा की बात करती है। 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। इमरजेंसी का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि मैं खुद इसका भुक्तभोगी हूं। उन्होंने कहा कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश को अस्थिर करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने और चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला दिया, पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय का अपमान किया। आपातकाल इसका गवाह है।
नड्डा बोले- कांग्रेस समझ चुकी, सत्ता में नहीं आने वाली
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कांग्रेस समझ चुकी है कि जनता उसे आने वाले 20-30 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं देने वाली। इसलिए वह चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है। नड्डा ने राहुल गांधी की राजनीति को 'हिट एंड रन' बताते हुए कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक में वोट चोरी के आरोप लगाए गए, लेकिन जब चुनाव आयोग ने हलफनामे के साथ सबूत मांगे तो कांग्रेस पीछे हट गई।
'EVM पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें राहुल'
नड्डा ने ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने ईवीएम हैक करने की चुनौती दी थी, लेकिन कांग्रेस का कोई नेता सामने नहीं आया। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि ईवीएम और बैलेट पेपर पर सवाल उठाने के बजाय आत्मचिंतन करें।
सीएम बोले- कांग्रेस ने कोर्ट और जजों का अपमान किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का अपमान करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला दिया, पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय का अपमान किया। आपातकाल इसका गवाह है।
'मोदी जनता के बीच रहने वाले और दिलों पर राज करने वाले नेता'
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के नेतृत्व में सत्ता चलाई, लेकिन अब सत्ता नहीं मिल रही तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं। मोदी जनता के बीच रहने वाले और उसके दिलों पर राज करने वाले नेता हैं।
हेमंत खंडेलवाल बोले- राहुल गांधी की राजनीति आरोप लगाओ और भाग जाओ की
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस आज तक कोई सबूत नहीं दे पाए। कर्नाटक में भी आरोप लगाने के 477 दिन बाद तक जवाब नहीं दिया गया।
खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के सहयोग से भारत को अस्थिर करने का काम कर रही है। इसी अराजकता के विरोध में भोपाल और आसपास के नागरिकों के साथ विभिन्न समाजों के लोग पदयात्रा में शामिल हुए हैं।
सभा स्थल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी पहुंचे हैं। विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री और डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान भी मौजूद हैं।
सभा को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के लिए दोनों संभागों की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है।