सुनील साकेत, आगरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। दलित वोट बैंक को साधने के लिए पार्टी ने आगरा में बड़े सम्मेलन का आयोजन किया है। रविवार को जीआईसी मैदान में होने वाले इस दलित सम्मेलन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पार्टी इस आयोजन के जरिए बसपा के परंपरागत दलित वोट बैंक में सेंध लगाने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है। सम्मेलन में पश्चिमी यूपी के करीब 30 जिलों से दलित समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने सम्मेलन के पीछे की राजनीतिक रणनीति और आगरा के ऐतिहासिक महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) बनाई थी। इस पार्टी का प्रभाव महाराष्ट्र से अधिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिला था। वर्ष 1962 में आगरा की सामान्य सीटों से भी कई दलित नेताओं ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। उस दौर में आगरा में आरपीआई की छह सीटें हुआ करती थीं। इसी ऐतिहासिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने आगरा को सम्मेलन के लिए चुना है।
सुमन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की जनता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की विरोधी है।

दलितों पर अत्याचार और मूर्तियों के अपमान का मुद्दा उठाया

रामजीलाल सुमन ने दलित समाज से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि एनसीईआरटी के आंकड़ों पर नजर डालें तो दलितों पर अत्याचार की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं और भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। दलित समाज के लोगों की बारातों तक को रोका जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सामंतवादी विचारधारा के लोग समाज में मनुष्यता के बजाय नफरत और विभाजन को बढ़ावा दे रहे हैं।

'अब धर्म नहीं, रोजी-रोटी और रोजगार पर होगा चुनाव'

आगामी विधानसभा चुनाव के मुद्दों पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि भाजपा ने धर्म की राजनीति जितनी करनी थी, कर ली है। धर्म के नाम पर राजनीति की भी एक सीमा होती है। अब जनता के सामने रोजी-रोटी, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं जैसे सवाल हैं।

उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव जाति और धर्म के बंधनों से ऊपर उठकर होगा। जनता भाजपा सरकार से नाराज है और उसे हराने में सक्षम पार्टी के रूप में समाजवादी पार्टी को देख रही है।

चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन पर भी साधा निशाना

नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को लेकर भी रामजीलाल सुमन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है कि कौन भाजपा की मदद करने वाली राजनीति कर रहा है।

सुमन के मुताबिक, सपा में नेता शामिल हों या न हों, जनता का रुझान पार्टी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने की क्षमता केवल समाजवादी पार्टी में है।

बसपा के दलित वोट बैंक में सेंध लगाने की चुनौती

आगरा में होने वाला यह सम्मेलन राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। आगरा और आसपास के जिलों में दलित मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। कभी बहुजन समाज पार्टी का मजबूत आधार रहे इस वोट बैंक में बदलाव की संभावनाओं पर सभी राजनीतिक दलों की नजर है।

ऐसे में सवाल है कि क्या अखिलेश यादव आगरा की धरती से दलित समाज का भरोसा जीतकर बसपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगा पाएंगे? सम्मेलन में जुटने वाली भीड़ और अखिलेश यादव का संदेश 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की दलित राजनीति की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।