रणजी ट्रॉफी के तीसरे राउंड के मुकाबलों में दूसरे दिन मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार शतक के करीब पहुंच गए हैं। उन्होंने बिहार के खिलाफ नाबाद अर्धशतक लगाया है। मध्य प्रदेश की टीम 250 रन से ज्यादा की बढ़त बना चुकी है और उसके 7 विकेट बाकी हैं।

वहीं, मुंबई ने हरियाणा के खिलाफ पहली पारी में 6 विकेट पर 339 रन बना लिए हैं। तमिलनाडु की टीम रेलवे के खिलाफ मुश्किल में है। टीम ने 81 रन पर 6 विकेट गंवा दिए हैं, जबकि पृथ्वी शॉ खाता खोले बिना आउट हो गए।

मुंबई ने हरियाणा के खिलाफ पहले दिन अंगकृष रघुवंशी और मुशीर खान के शतकों की मदद से मजबूत शुरुआत की थी। दोनों ने शतक लगाकर टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। दूसरे दिन मुंबई ने कप्तान सिद्धेश लाड का विकेट जल्दी गंवा दिया। लाड 33 रन बनाकर अमन कुमार की गेंद पर स्लिप में कैच आउट हुए।

इसके बाद सरफराज खान और आकाश आनंद ने पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि, हरियाणा ने लगातार दो ओवर में दोनों को आउट कर दिया। बाएं हाथ के स्पिनर निशांत सिंधु ने सरफराज को LBW किया, जबकि आकाश आनंद 24 रन बनाकर समंत जाखड़ की गेंद पर कैच आउट हुए। मुंबई ने 90 मिनट के खेल में तीन विकेट गंवाए और उसका स्कोर 339/6 हो गया।

पहले दिन अंगकृष रघुवंशी ने 114 और मुशीर खान ने 109 रन बनाए थे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 255 रन की साझेदारी की थी।

बिहार के खिलाफ मध्य प्रदेश की मजबूत स्थिति

मध्य प्रदेश ने बिहार के खिलाफ पहली पारी में बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। बिहार की टीम पहली पारी में सिर्फ 99 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मध्य प्रदेश के सारांश जैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट लिए। इसके जवाब में मध्य प्रदेश ने पहले दिन स्टंप्स तक 3 विकेट पर 261 रन बना लिए थे।

दूसरे दिन रजत पाटीदार ने पारी को संभाला। पिछले मैच में पुडुचेरी के खिलाफ 122 रन बनाने वाले पाटीदार बिहार के खिलाफ भी अच्छी लय में दिखे। उन्होंने नाबाद अर्धशतक लगाया और शतक की ओर बढ़ रहे हैं। मध्य प्रदेश की बढ़त 250 रन से ज्यादा हो चुकी है और उसके 7 विकेट बाकी हैं।