एशिया कप ट्रॉफी का विवाद गर्माया, मोहसिन नकवी की अब खैर नहीं, ICC को लेना होगा फैसला

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 का फाइनल जीते हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन BCCI को अभी तक ट्रॉफी नहीं मिली है। इस मामले को लेकर अब गतिरोध बढ़ता जा रहा है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया है कि अगर उन्हें सोमवार, 3 नवंबर तक ट्रॉफी नहीं सौंपी गई, तो वह इस मुद्दे को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की आगामी बैठक में उठाएंगे।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब फाइनल के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। भारत के इस विरोध के जवाब में एक अधिकारी ने एशिया कप की ट्रॉफी को मंच से हटाकर मैदान से बाहर ले गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

ट्रॉफी का इंतजार, ICC से न्याय की उम्मीद

इस मामले पर बात करते हुए देवजीत सैकिया ने ANI को बताया कि ‘दस दिन पहले, हमने ACC अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि वे जल्द से जल्द BCCI को ट्रॉफी सौंप दें। हालांकि, आज तक हमें ट्रॉफी नहीं मिली है।’ सैकिया ने आगे कहा, ‘हम एक और दिन का इंतजार कर रहे हैं। यदि हमें 3 नवंबर तक ट्रॉफी नहीं मिलती है, तो दुबई में ICC मुख्यालय में 4 नवंबर को होने वाली बैठक में हम इंटरनेशनल क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था के सामने अपनी शिकायत रखेंगे। मुझे यकीन है कि आईसीसी न्याय करेगा और भारत को जल्द से जल्द ट्रॉफी दिलाने में मदद करेगा।’

टीम इंडिया ने फिर भी किया था सेलिब्रेट

बता दें कि मोहसिन नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और भारत ने दोनों देशों के बीच सीमा पर तनाव के चलते नकवी से खिताब स्वीकार न करने का फैसला लिया था। इस गतिरोध के बावजूद, भारतीय टीम ने जश्न मनाने का एक तरीका ढूंढ लिया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की धीमी चाल की नकल की और अपने साथी खिलाड़ियों के साथ एक काल्पनिक ट्रॉफी उठाकर अपनी जीत का जश्न मनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button