भोपाल नगर निगम की ‘कछुआ चाल’, 30 घंटे बाद भी नहीं सुधरी लोक भवन के पास फूटी पाइपलाइन, पानी के लिए लोग परेशान

भोपाल। लोक भवन (राज भवन) के सामने मंगलवार को फूटी मुख्य पाइपलाइन को नगर निगम का अमला 30 घंटे बाद भी दुरस्त नहीं कर सका। नगर निगम की धीमी कार्यप्रणाली के कारण बुधवार को भी कई इलाकों में जल आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पाइपलाइन में सुधार नहीं होने के चलते ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित रही। मछलीघर तिराहे से वाहनों का डायवर्जन जारी रखा गया, जिससे कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हाल) की ओर जाने वाले लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ा।
कई वाहन चालक मछलीघर तिराहे के पास आकर मार्ग डायवर्सन देकर वापस लौटकर बाणगंगा चौराहा और रोशनपुरा चौराहा होते हुए गंतव्य तक पहुंचे। घटना के बाद भी मरम्मत कार्य में हो रही देरी ने नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पाइपलाइन की जटिल संरचना को देरी का कारण बताया जा रहा है, लेकिन इतने संवेदनशील इलाके में समय पर सुधार नहीं होना लापरवाही को उजागर करता है। ऐसे में एक ओर जहां लोग पेयजल के लिए परेशान होते रहे, वहीं दूसरी ओर लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि निगम प्रशासन का कहना है कि देर रात तक मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा।
सड़क पर बह गया लाखों लीटर पानी
बता दें कि मंगलवार को लोक भवन के पास तेज दबाव के कारण 5 एमएलडी क्षमता वाली पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइप फटने के बाद लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह गया। तेज बहाव के चलते सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई और डामर की परत को नुकसान पहुंचा। इसकी वजह से बुधवार 74 बंगला, पत्रकार कालोनी, लिंक रोड नंबर-तीन, जहांगीराबाद सहित कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही।
इनका कहना है
लोक भवन के पास फूटी पाइप लाइन को सुधारने के लिए निगम का अमला कार्य कर रहा है। इसमें समय लग रहा है, लेकिन उम्मीद है कि देर रात तक काम पूरा लिया जाएगा।
वीवीआइपी क्षेत्र- गौरव परमार, सहायक यंत्री, जोन-सात।





