नए साल से पहले ‘एक्शन मोड’ में भोपाल पुलिस,छह घंटे में 1200 जवानों ने गली-गली छानी, इन लोगों की हो रही गिरफ्तारी

भोपाल। नववर्ष के आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से भोपाल पुलिस ने शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात ‘काम्बिंग गश्त’ अभियान चलाया। चार डिग्री सेल्सियस की हाड़ कंपाने वाली ठंड के बीच पुलिस के 1200 से अधिक जवानों ने शहर के चारों जोन में एक साथ दबिश देकर महज छह घंटे के भीतर 1082 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया।गश्त की शुरुआत से पहले पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने स्वयं बल को ब्रीफ किया और टीम वर्क के साथ संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी और सभी जोन के डीसीपी ने रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक मैदान में रहकर अभियान की मानिटरिंग की। चार जोन में हनुमानगंज से 73, बाग सेवनिया से 65 और हबीबगंज से 63 आरोपित गिरफ्तार किए गए।

18वीं काम्बिंग गश्त में 11,232 अपराधी हो चुके हैं गिरफ्तार

भोपाल में कमिश्नरी लागू होने के बाद से यह 18वीं बड़ी काम्बिंग गश्त रही। अब तक चले अभियानों में कुल 11,232 अपराधियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

यह था मकसद

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालय द्वारा जारी लंबित वारंटों की तामीली करना था। पकड़े गए आरोपितों में हत्या, दुष्कर्म, लूट और चेक बाउंस जैसे गंभीर मामलों के अपराधी शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों से न केवल कानूनी प्रक्रियाओं में तेजी आएगी, बल्कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button