कैबिनेट के निर्णय:16 जिलों की 700 सरकारी इमारतों की छतों पर बनेगी 33056 किलोवॉट सोलर बिजली

सीएम डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट में मप्र के सभी जिलों की सरकारी इमारतों की छतों पर सोलर रूफटॉप लगाने पर मुहर लगी। प्रदेश के 16 जिलों की लगभग 700 सरकारी भवनों की छत पर पीपीपी मॉडल से सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे 33056 किलोवॉट बिजली बनेगी।
अब 20 किलोवॉट तक के टेंडर जिले में ही होंगे। इसमें भोपाल के 211 भवनों पर कुल 15,695 किवा बिजली उत्पादन क्षमता के सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इस योजना के जरिए सभी बिल्डिंगों पर सोलर पैनल लगा दिए जाएंगे। भवनों पर विकासक इकाई द्वारा 25 वर्ष की अवधि के लिए सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। पूरी अवधि तक सोलर रूफटॉप संयंत्र का रखरखाव रिन्युएबल एनर्जी सर्विस कंपनी(रेस्को) करेगी।
13 नवंबर को सीधे किसानों के खाते में आएगी राशि
कैबिनेट में मप्र के 1.32 लाख किसानों को भावांतर योजना के तहत 300 करोड़ रुपए देने पर सहमति दी गई। बताया गया कि सोयाबीन के लिए भावांतर राशि तय करने का सबसे सफल मॉडल मप्र में लागू हुआ है। इसका पहला भावांतर रेट 4,036 रुपए का निकला था, जबकि पहले 4,020 रुपए था।
कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि 13 नवंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव देवास में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में करीब 1.32 लाख किसानों को भावांतर की राशि सीधे उनके खाते में ट्रांसफर करेंगे।
यह भी जानकारी दी गई कि इस साल अब तक 1.60 लाख किसानों ने 2.70 लाख टन सोयाबीन बेचा है। अब प्रतिदिन का रेट जारी किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने किसानों और घरेलू उपभोक्ताओं को 18% सरचार्ज से बचने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया है। जानकारी के अनुसार अब किसान और घरेलू उपभोक्ता बिजली बिल समाधान योजना के तहत 31 दिसंबर तक बिलों में आई विसंगतियों को दूर करवा सकेंगे।
ओंकारेश्वर में स्टेच्यू ऑफ वननेस के लिए 229 करोड़ रु. बढ़ाए
ओंकारेश्वर में बन रहे स्टेच्यू ऑफ वननेस के लिए जो टेंडर आए थे, उनमें रेट रिवाइज किए गए हैं। पहले इसी साल 2,195 करोड़ रुपए का टेंडर हुआ था। अब रिवाइज करके इसकी राशि 2,424 करोड़ रुपए कर दी गई है। इसका कारण बताया गया है कि स्टेच्यू के साथ आचार्य संग्रहालय का भी निर्माण होगा, जहां आध्यात्म पर रिसर्च किए जा सकेंगे। कैबिनेट ने खंडवा जिले के मांधाता में एक सिविल न्यायालय की स्थापना को मंजूरी दी। साथ ही 7 नए पदों का सृजन करके इन्हें भी भरने की स्वीकृति दी गई। मांधाता में यह पहला सिविल कोर्ट होगा।
बिरसा मुंडा जयंती : 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती के जबलपुर और आलीराजपुर में बड़े आयोजन होंगे। आलीराजपुर के कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी लाइव जुड़कर जनता को संबोधित करेंगे। वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य रही क्रांति गौड़ के साथ जनजातीय क्षेत्र की अन्य प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।





