CBSE-MP बोर्ड की परीक्षाएं…नकल रोकने CCTV-जैमर लगाए

भोपाल, मध्य प्रदेश में आज मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल परीक्षा के तहत अंग्रेजी का पेपर आयोजित किया जा रहा है। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इस साल पहली बार एक साथ करीब 9 लाख छात्र परीक्षा दे रहे हैं।
प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही विद्यार्थियों की भीड़ देखने को मिली। छात्र समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए। वहीं शिक्षक और परिजन बच्चों का हौसला बढ़ाते नजर आए। परीक्षा से पहले केंद्रों पर सकारात्मक माहौल बना रहा।
उज्जैन की छात्रा आराध्या ने बताया कि अंग्रेजी परीक्षा को लेकर उसकी तैयारी पूरी है। उसने कहा कि कोचिंग के जरिए अच्छी तैयारी की है। उसे पूरा भरोसा है कि वह परीक्षा क्लियर कर लेगी। वहीं ग्वालियर की छात्रा मुस्कान ने कहा कि उसे थोड़ा नर्वस महसूस हो रहा है, लेकिन वह अपना बेस्ट देने की कोशिश करेगी।
वहीं भोपाल के प्रज्ञा विद्यालय के स्टूडेंट के पिता प्रताप गडेकर ने कहा कि मैंने अपने बेटे से कहा कि चिंता मत करो। मैं आज अपने एग्जाम के मुकाबले बेटे के एग्जाम में ज्यादा नर्वस हूं।
इससे पहले हाईस्कूल के दो पेपर हो चुके हैं, लेकिन उनमें सभी छात्र शामिल नहीं थे। पहला पेपर शुक्रवार को उर्दू का हुआ था। दूसरा पेपर शनिवार को राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (NSQF) के विषयों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का आयोजित किया गया था।
इधर, मंगलवार से ही केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। छात्र सुबह 10:30 बजे से मैथ्स का पेपर देंगे। परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग टाइम सुबह 9:30 बजे रखा गया है।
भोपाल रीजन में करीब 1.25 लाख छात्र सीबीएसई की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पूरे प्रदेश में कुल 496 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 34 केंद्र भोपाल में स्थित हैं। प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।





