संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर बदलाव:प्लेटफॉर्म-1 का पुराना एफओबी 30 जनवरी से बंद

भोपाल, संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन सुविधाओं के उन्नयन को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म क्रमांक-01 पर स्थित पुराना 3 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) 30 जनवरी 2026 से बंद किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने इसकी सूचना जारी कर दी है।
पुराने एफओबी के स्थान पर भोपाल सिरे की ओर नया 3 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज तैयार कर लिया गया है, जिसे यात्रियों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। वर्तमान में यात्री इसी नए एफओबी का उपयोग कर सुरक्षित और सुगम रूप से प्लेटफॉर्म बदल सकते हैं।
इसके अलावा, पुराने एफओबी के समीप 12 मीटर चौड़े अत्याधुनिक नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे पुराने पुल के स्थान पर नए एफओबी का ही उपयोग करें और स्टेशन पर की जा रही उद्घोषणाओं का पालन करें। निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।





