इटली के चीरो और फ्रांस की ओद्रा ने ओरछा में रचाई शादी, प्राचीन मंदिर में गूंजते रहे हर-हर महादेव

निवाड़ी : मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरी ओरछा एक बार फिर से चर्चा में है। ओरछा स्थित प्राचीन बेत्र बेश्वर महादेव मंदिर में एक विदेशी जोड़े ने पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी की है। हिंदू धर्म के सभी विधि-विधान को इस शादी समारोह में अपनाया गया है। दूल्हा इटली मूल के चीरो और दुल्हन फ्रांस की रहने वाली ओद्रा है।

अग्नि को साक्षी मानकर लिए फेरे

दोनों ने मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार के बीच शादी रचाई है। साथ ही अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए हैं। जीवन भर साथ रहने का संकल्प निभाया है। शादी के दौरान यह कपल भारतीय परिधानों को पहना था। यह विवाह भारतीय संस्कृति की वैश्विक स्वीकार्यता और उसकी गहरी आध्यात्मिक शक्ति का सजीव उदाहरण बना है।

मंदिर परिसर में हुए दोनों के विवाह

दरअसल, ओरछा तहसील के इस प्राचीन मंदिर परिसर में विवाह के दौरान जयमाला, हवन और फेरे जैसी सभी रस्में स्थानीय पंडितों द्वारा पूर्ण विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। मंदिर परिसर वेद मंत्रों और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा। विदेशी जोड़े की श्रद्धा और अनुशासन देखकर उपस्थित श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक भावुक हो उठे।

भारतीय अध्यात्म सो जुड़ी रही है ओद्रा

वहीं, ओद्रा वर्षों से योग, ध्यान और भारतीय अध्यात्म से जुड़ी रही हैं। भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और जीवन दर्शन से प्रेरित होकर उन्होंने विवाह को भी हिंदू परंपरा के अनुसार करने का निर्णय लिया। वहीं, चीरो भी योग और भारतीय दर्शन के प्रशंसक हैं। दोनों की मुलाकात फ्रांस में हुई थी, लेकिन विवाह के लिए उन्होंने भारत की पवित्र भूमि और ओरछा जैसे ऐतिहासिक स्थल को चुना।शादी के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने इस अनोखे पल को गर्व और खुशी के साथ देखा। कई लोगों का कहना था कि विदेशी होते हुए भी यह जोड़ा हमारी संस्कृति और परंपराओं को गहराई से समझता और सम्मान करता है। वर्तमान में चीरो और ओद्रा स्पेन में रहते हैं और विवाह के बाद वहीं लौटेंगे। अपने साथ वे ओरछा की आध्यात्मिक ऊर्जा, महादेव का आशीर्वाद और हिंदू विवाह संस्कारों की अमिट स्मृतियां लेकर जाएंगे। यह विवाह ओरछा की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करने वाला क्षण बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button