ट्रंप के एक आदेश से 24 घंटे में 5.61 लाख करोड़ उछला क्रिप्टो बाजार, बिटकॉइन फिर 70000 डॉलर के पार

नई दिल्ली: क्रिप्टोकरेंसी बाजार में मंगलवार को तेजी आई। सुबह 10:30 बजे ग्लोबल क्रिप्टो मार्केट कैप 2.41 ट्रिलियन डॉलर पर था। पिछले 24 घंटे में इसमें करीब ढाई फीसदी की तेजी आई है। इस दौरान मार्केट कैप करीब 5.61 लाख करोड़ रुपये उछल गया। वहीं बिटकॉइन में भी बड़ा उछाल आया और यह फिर से 70 हजार डॉलर (करीब 65.69 लाख रुपये) के पार हो गया। क्रिप्टो मार्केट में यह तेजी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने ईरान युद्ध रोकने की बात कही थी।
क्रिप्टो बाजार में पिछले काफी दिनों से बड़ा उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ईरान युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था। तब से लेकर अब तक क्रिप्टो मार्केट कैप बड़े उतार-चढ़ाव के बाद भी स्थिर बना हुआ है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में फीयर एंड ग्रीड इंडेक्स में पिछले हफ्ते के मुकाबले गिरावट आई है। पिछले हफ्ते यह 43 अंक पर था, जो अब गिरकर 32 पर आ गया है। पिछले महीने फरवरी में यह 5 अंक पर आ गया था, जो बताता है कि क्रिप्टो मार्केट में काफी डर पैदा हो गया था।
बिटकॉइन 70 हजार डॉलर पार
- मार्केट में तेजी का असर कई बड़ी क्रिप्टो पर दिखाई दिया है। पिछले 24 घंटे में बिटकॉइन में 2 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। इसके साथ यह फिर से 70 हजार डॉलर के पार पहुंच गया है।
- दुनिया की दूसरी सबसे महंगी क्रिप्टो इथेरियम में भी 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई। इसके साथ यह 2100 डॉलर के पार चला गया।
- रिपल 1.25%, सोलाना 3.30% से ज्यादा, डॉगकॉइन 2.50% से ज्यादा, कार्डानो 3% से ज्यादा और कैंटन एक फीसदी से ज्यादा उछल गईं।
कई क्रिप्टो में आई गिरावट
बाजार में तेजी के बाद भी कई क्रिप्टो में गिरावट रही। 24 घंटे में बाइनेंस और हाइपरलिक्विड में करीब आधा फीसदी की गिरावट आई। वहीं मोनेरो 3% से ज्यादा लुढ़क गई। मेंटल भी 2% से ज्यादा फिसल गई। इनके अलावा पाई नेटवर्क कॉइन में भी गिरावट देखी गई। 24 घंटे में पाई नेटवर्क क्रिप्टो 2 फीसदी गिर गई। वहीं एस्टर करीब 5 फीसदी लुढ़क गई।





