भोपाल में बछड़े को काटकर फेंकने वाले बेसुराग:6 टीमें जांच में जुटीं, चार सैंपल लिए, जांच के लिए रवाना

भोपाल, भोपाल के काली मंदिर के करीब मिले बछड़े के अवशेष के चार सैंपल पुलिस ने लिए हैं। टीआई दीपक ढेहरिया ने बताया कि फिलहाल सेंपल टेस्ट किस लैब में कराए जाएंगे, उन लैब के नाम का खुलासा नहीं किया जा सकता है। आज (मंगलवार) को पीएम रिपोर्ट मिलेगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए भोपाल जोन-3 पुलिस की 6 टीमें जुटी हैं।

घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक की जांच में पुलिस को आरोपियों के संबंध में कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। एसीपी चंद्रशेखबर पांडे ने बताया कि अवशेष से डीएनए सेंपल लिए हैं। जिसकी जांच कराई जाएगी। पीएम रिपोर्ट फिलहाल नहीं मिली है, इसके मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

सफेद बोरे में बंद मिले थे अवशेष 

जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात तलैया थाने के पास स्थित काली मंदिर के बाहर एक सफेद बोरे में मवेशी के अवशेष मिले। इसे लेकर जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। उन्होंने इसे गाय का अवशेष बताकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल और आला अधिकारी पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम खत्म किया। पुलिस ने भानु हिंदू की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हिंदू संगठन ने दी प्रदर्शन की चेतावनी 

संगठन के प्रमुख भानू हिंदू ने बताया कि बोरे में गोवंश की गर्दन कटी हुई थी, जिससे जाहिर होता है कि गाय का कत्ल किया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण हिंदू समाज सड़कों पर प्रदर्शन करेगा। संगठन ने आरोप लगाया कि गोवंश को कत्ल करने के बाद मंदिर के बाहर फेंकना सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button