दिल्ली, 9 साल की बच्ची से रेप का आरोपी गिरफ्तार:टहलने का बहाना बनाकर भागने की कोशिश की, पुलिस ने पैरों पर गोली मारी

दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में 9 साल की एक मासूम बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी नौशाद को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के हापुड़ से की गई है। नौशाद भी नेहरू विहार का ही रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि नौशाद को सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से पकड़ा गया। उसे हापुड़ से दिल्ली लाया जा रहा था, इस दौरान उसने टहलने का बहाना बनाकर कॉन्स्टेबल पर ब्लेड से हमला किया, जिसके बाद उसके पैर में गोली मारी गई। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेहरू विहार इलाके में शनिवार रात सूटकेस में गंभीर रूप से घायल बच्ची मिली थी। बच्ची अर्धनग्न हालत में थी। बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या का प्रयास किया गया था। अस्पताल ले जाते वक्त बच्ची की मौत हो गई थी।

पुलिस बोली- आरोपी ने टहलने के बहाने भागने की कोशिश की

पुलिस का कहना है कि उसे हापुड़ से दिल्ली ला रहे थे, तब उसने वेलकम इलाके के झील पार्क के पास बाहर टहलने की बात कही। वैन से उतरते ही उसने छिपे हुए ब्लेड से कॉन्स्टेबल अमित मान की छाती पर दो बार हमला किया और भागने की कोशिश की।

पुलिस ने पहले हवा में गोलियां चलाईं, लेकिन वह नहीं रुका। फिर पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी और उसे पकड़ लिया। घायल कॉन्स्टेबल और आरोपी को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर हमले का एक नया केस भी दर्ज किया है।

बच्ची को पास के मकान में जाते देखा था

बच्ची के पिता ने बताया था कि बेटी शनिवार शाम दादी के घर बर्फ देने गई थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आई, तो तलाश शुरू की। पता चला कि बच्ची दादी के घर पहुंची ही नहीं थी। गली में खेल रहे बच्चों ने बताया कि उन्होंने बच्ची को पास के एक फ्लैट में जाते देखा था।

जब परिजन उस फ्लैट पर पहुंचे, तो वहां ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर जाने पर एक सूटकेस मिला, जिसमें से खून रिस रहा था। सूटकेस खोलने पर बच्ची बेहोशी की हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button