डोनाल्ड ट्रंप ने घर आए लियोनेल मेसी पर दिया बड़ा बयान, इस महान फुटबॉलर से भी बेहतर बताया

वाशिंगटन: लियोनेल मेसी की टीम इंटर मियामी ने मेजर लीग सॉकर का खिताब पहली बार अपने नाम किया। इस जीत के बाद टीम के खिलाड़ियों को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में होस्ट किया। इस दौरान ट्रंप ने स्पीच दी और यह काफी वायरल है। इस स्पीच में उन्होंने स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम लिया और मेसी के सामने ही उन्हें ग्रेट बताया। मेसी और रोनाल्डो की राइवलरी काफी पुरानी है। मेसी लगातार मुस्कुराते हुए ट्रंप की बात सुन रहे थे। इस दौरान इंटर मियामी की टीम ने डोनाल्ड ट्रंप को अपनी जर्सी भेंट की। वहीं लियोनेल मेसी ने उन्हें रत्नजड़ित गुलाबी फुटबॉल दिया।

डोनाल्ड ट्रंप ने मेसी के बारे में क्या कहा?

अमेरिकी राष्ट्रपति ने समारोह में कहा, ‘आज मैं 2025 एमएलएस कप चैंपियन, इंटर मियामी की मेजबानी करके बेहद खुश हूं। मेरा सौभाग्य है कि मैं वह कह पा रहा हूं, जो आज तक किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति को कहने का मौका नहीं मिला। व्हाइट हाउस में आपका स्वागत है, लियोनेल मेसी।’

अपनी स्पीच के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने महान पेले से भी लियोनेल मेसी की तुलना की। उन्होंने कहा- मुझे यह इसलिए नहीं कहना चाहिए क्योंकि मैं बूढ़ा हो गया हूं, लेकिन मैंने पेले को खेलते हुए देखा है। मुझे नहीं पता, हो सकता है आप पेले से बेहतर हों। पेले बहुत अच्छे थे।
इसके बाद वहां मौजूद इंटर मियामी के अन्य खिलाड़ी और लोगों से ट्रंप ने पूछा कि कौन बेहतर है, मेसी या पेले। लोगों ने मेसी चिल्लाया। इसके बाद ट्रंप ने कहा कि मैं भी मानता हूं मेसी।

लियोनेल मेसी ने स्पीच नहीं दी

इस कार्यक्रम में लियोनेल मेसी ने स्पीच नहीं दी। ट्रंप ने मियामी को अपना क्लब चुनने के लिए मेसी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा- आप दुनिया में कहीं भी जा सकते थे। दुनिया की किसी भी टीम में जा सकते थे और आपने मियामी को चुना। मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button