आर्मी फायरिंग रेंज में जवान पर गिरा डमी बम, मौत:भोपाल में ड्रोन से बम गिराने की ट्रेनिंग ले रहे थे; 400 फीट ऊंचाई से गिरा

भोपाल में आर्मी फायरिंग रेंज में ड्रोन से ट्रेनिंग के दौरान लोहे का डमी बम एक जवान के सिर पर गिर गया। हादसे में जवान की मौके पर ही मौत हो गई। बम का वजन 4 किलो से ज्यादा था। यह 400 फीट की ऊंचाई से गिरा था।

घटना सूखी सेवनिया क्षेत्र के आर्मी फायरिंग रेंज में सोमवार शाम की है। जवान को गंभीर हालत में सेना के अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उत्तराखंड के रहने वाले थे विजय सिंह मृतक जवान का नाम विजय सिंह (उम्र 37 साल) है। वह उत्तराखंड के रहने वाले थे और भोपाल के बैरागढ़ में सेना कार्यालय में हवलदार के पद पर तैनात थे। सोमवार को वह एक नियमित ट्रेनिंग के लिए फायरिंग रेंज पहुंचे थे।

यहां सेना के जवानों को ड्रोन से बम गिराने और उससे बचाव की तकनीक सिखाई जा रही थी। फायरिंग रेंज में उड़ान भर रहे एक ड्रोन में लोहे का डमी बम रखा गया, जिसे एक निर्धारित स्थान पर गिराया जाना था। लेकिन बम जवान विजय सिंह के ऊपर गिर गया।

हादसा कैसे हुआ? पुलिस करेगी जांच घटना की जानकारी मिलते ही सूखी सेवनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई केएस यादव ने बताया कि पंचनामा कार्यवाही कर मर्ग कायम कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम सेना अस्पताल में कराया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी चूक के कारण हुआ या सुरक्षा मानकों की अनदेखी से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button