खाली स्टेडियम फिर भी फैंस की शोर, VIP एंट्री पर भड़के पाकिस्तानी फैंस, अपनी ही लीग को किया ट्रोल

लाहौर: पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन का आगाज विवादों के साथ हुआ है। गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में रविवार, 26 मार्च को मौजूदा चैंपियन लाहौर कलंदर्स और नई टीम हैदराबाद किंग्समैन के बीच मैच खेला गया, लेकिन क्रिकेट से ज्यादा चर्चा खराब ब्रॉडकास्ट, वीआईपी कल्चर और घटिया क्राउड साउंड इफेक्ट की हो रही है। फैंस PSL की जमकर क्लास लगा रहे हैं।
PSL का विस्तार, 6 से हुई 8 टीमें
PSL 2026 से लीग में दो नई टीमें, हैदराबाद किंग्समैन और सियालकोट रावलपिंडीज़ जुड़ गई हैं। इसके साथ ही PSL अब आईपीएल और बिग बैश लीग के बाद दुनिया की तीसरी ऐसी फ्रेंचाइजी लीग बन गई है जिसमें 8 या उससे ज्यादा टीमें हैं। हालांकि, इस ऐतिहासिक विस्तार का जश्न फीका रहा। ग्राउंड में एक भी फैन नजर नहीं आया। इसके अलावा PSL को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
खाली स्टेडियम और नकली शोर का विवाद
ईरान-इजरायल युद्ध के कारण पैदा हुए ईंधन संकट की वजह से पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने इस सीजन के सभी मैच बंद दरवाजों के पीछे कराने का फैसला किया है। यानी स्टेडियम में आम जनता को आने की अनुमति नहीं है। हालांकि मैच के दौरान ब्रॉडकास्टर ने टीवी पर आर्टिफिशियल क्राउड नॉइज चलाया, जिसे फैंस ने धोखा और काफी इरिटेटिंग करार दिया। ब्रॉडकास्ट के दौरान ऑडियो-वीडियो लैग और कमेंट्री में स्पष्टता की कमी ने दर्शकों के अनुभव को और खराब कर दिया। सोशल मीडिया पर फैंस कह रहे हैं कि साफ देखा जा सकता है कि ग्राउंड में एक भी फैन मौजूद नहीं है, फिर भी आर्टिफिशियल क्राउड नॉइज क्यों चलाई जा रही है।
वीआईपी एंट्री पर भड़के फैंस
जब आम फैंस के लिए स्टेडियम के दरवाजे बंद हैं, तब स्टैंड्स में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं समेत कई वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी ने आग में घी डालने का काम किया। सोशल मीडिया पर फैंस ने इसे वीआईपी-ओनली लीग कहकर मजाक उड़ाया। फैंस का आरोप है कि पीसीबी का नियम केवल आम जनता के लिए है, जबकि खास लोगों के लिए कोई पाबंदी नहीं है।





