कल से सभी 413 नगर निकायों में फेस अटेंडेंस सिस्टम:नगर निगमों में लागू करने के बाद नगरपालिका और नगर पंचायतों के लिए भी आदेश

मध्यप्रदेश के सभी नगरीय निकायों में अब कर्मचारियों की अटेंडेंस फेस बेस्ड सिस्टम से ही लगेगी। भोपाल समेत कुछ अन्य नगर निगमों में यह व्यवस्था लागू करने के बाद नगरीय विकास और आ‌वास विभाग ने अब सभी 413 नगर निकायों में इसे लागू करने का फैसला किया है। एक नवम्बर से सभी नगर निकायों में फेस आधारित अटेंडेंस सिस्टम लागू हो जाएगा। नगरीय निकायों में भविष्य में कर्मचारियों के वेतन एवं भुगतान इसी फेस आधारित उपस्थिति के आधार पर किए जाएंगे।

नगरीय विकास और आवास विभाग के कमिश्नर संकेत भोंडवे के अनुसार, प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में केन्द्रीयकृत फेस आधारित उपस्थिति (Face-Based Attendance) सिस्टम लागू किया जा चुका है।

यह व्यवस्था एक नवम्बर से सभी नगरीय निकायों में अनिवार्य रूप से प्रभावशील हो जाएगी। यह व्यवस्था निकायों में कार्यरत सभी शासकीय एवं अशासकीय कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगी। आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि यह पहल कर्मचारियों की उपस्थिति प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वेतन और अन्य भुगतान इसी व्यवस्था पर होंगे

नगरीय निकायों में भविष्य में कर्मचारियों के वेतन एवं भुगतान इसी फेस आधारित उपस्थिति के आधार पर किए जाएंगे। वर्तमान में प्रदेश में एक लाख 35 हजार से अधिक नगरीय निकाय कर्मचारियों ने इस प्रणाली में अपना पंजीयन पूर्ण करा लिया है।

नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग द्वारा यह तय किया जा रहा है कि सभी नगरीय निकायों में यह व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य करे और कर्मचारियों को आवश्यक तकनीकी सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button