भोपाल में शादी से लौट रहे परिवार पर हमला; युवक के शरीर में धंसी 3 गोलियां, हालत गंभीर

भोपाल, भोपाल के ईंटखेड़ी इलाके में चार बदमाशों ने शादी से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने तीन से ज्यादा राउंड फायर किए। उसके पैर और पेट में गोलियां लगीं। बचाने आईं युवक की बहन और पत्नी को भी बदमाशों ने चाकू मारे।

गंभीर हालत में युवक को चिरायु अस्पताल मालीपुरा में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने देर रात तक सर्जरी कर पेट और पैर में धंसी गोलियां निकालीं। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस देर रात अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। इसके बाद शन्नू वजनदार, जुबैर किलकिल, फरदीन, शहवेज समेत पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

सभी आरोपी स्टेशन बजरिया और ऐशबाग थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। फिलहाल एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।

24 घंटे में सबक सिखाने की कही थी बात घायल 28 वर्षीय दानिश अली रेलवे में पार्सल ठेकेदारी करता है। उसके ऊपर पूर्व में कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। स्टेशन बजरिया इलाके में रहता है। इसी इलाके में रूसी नाम का बदमाश रहता है। एक कार्यक्रम में रूसी और दानिश के बीच गुरुवार को बहस हुई थी। तब दानिश ने रूसी से अपशब्द कहे थे। रूसी ने इसी दौरान सभी के बीच दानिश को जान से मारने की धमकी दी थी। 24 घंटे के भीतर सबक सिखाने की बात कही थी।

कार के आगे कार लगाकर रास्ता रोका, फिर ताबड़तोड़ हमला शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे दानिश अपने परिवार-पत्नी रिमशा, बहन और बच्चों के साथ ईंटखेड़ी इलाके के एक गार्डन में हुए रिसेप्शन से लौट रहा था। रास्ते में ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र में ही बदमाश रूसी और उसके तीन साथियों ने दानिश की कार के आगे अपनी कार लगाकर उसे रोक लिया।

कार रुकते ही बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि पहले दो राउंड मिस हुए, लेकिन इसके बाद दानिश के पेट और पैर में गोली मार दी गई। गोली चलाने के बाद हमलावरों ने चाकू और छुरों से भी हमला किया।

हमले के समय कार में मौजूद दानिश की पत्नी और बहन ने बीच बचाव की कोशिश की, तो बदमाशों ने दोनों के हाथों पर चाकू मारकर घायल कर दिया। सरेराह हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी रूसी ने वीडियो जारी किया फायरिंग की वारदात का मास्टरमाइंड बताए जा रहे बदमाश रूसी की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में रूसी ने दावा किया है कि वह घटना से तीन दिन पहले से ही दिल्ली में था। उसका कहना है कि दानिश के परिवार से उसका पुश्तैनी विवाद जरूर है, इसी वजह से उसका नाम बेवजह पूरे मामले में घसीटा जा रहा है। रूसी ने कहा कि घटना से उसका कोई लेना-देना नहीं है और फरियादी पक्ष पुरानी रंजिश के चलते उसे जबरन जेल भिजवाना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button