‘ईरान-अमेरिका में सीजफायर कराए भारत’, फिनलैंड के राष्‍ट्रपति ने दिल्ली से की अपील, बोले- हमें युद्धविराम की जरूरत

हेलसिंकी: फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने कहा है कि दुनिया को पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को खत्म कराने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने खासतौर से भारत से अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम के लिए ज्यादा सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हालिया समय में विदेश मंत्री जयशंकर की ईरानी नेताओं से बातचीत हुई है। ऐसे में मुझे लगता है कि भारत सच में इसमें शामिल हो सकता है तो यह काफी बेहतर होगा।

फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने इसी महीने (4–7 मार्च) भारत का दौरा किया था। स्टब नई दिल्ली में ‘रायसीना डायलॉग 2026’ में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा है कि ईरान और अमेरिका-इजरायल गठबंधन के बीच 28 फरवरी से चल रहे युद्ध को रोका जाना जरूरी है और इसमें भारत जैसे देशों की भूमिका अहम हो सकती है।

भारत पर दोनों पक्षों का भरोसा

ईरान में युद्ध से हो रही तबाही और सीजफायर की कोशिश के सवाल पर स्टब ने कहा, ‘हमें युद्धविराम की जरूरत है। मैं सोच रहा हूं कि क्या यूरोप और असल में भारत इसमें शामिल हो सकता है। हमने हाल में देखा कि विदेश मंत्री जयशंकर ने हालात शांत करने के लिए युद्धविराम की अपील की। मुझे लगता है कि ये हो सकता है क्योंकि नई दिल्ली पर दोनों पक्षों का भरोसा है।’

स्टब की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब ईरान में हो रहा युद्ध पूरे पश्चिम एशिया में फैल रहा है। वहीं ईरान के होर्मुज स्टेट को रोकने से दुनिया के बड़े हिस्से की एनर्जी सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। हालिया दिनों में एस जयशंकर की ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के साथ फोन पर कई दफा बातचीत हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी भी ईरानी राष्ट्रपति से वार्ता कर चुके हैं।

ईरान युद्ध के 18 दिन

अमेरिका-इजरायल गठबंधन ने 28 फरवरी को ईरान में हवाई हमले शुरू किए थे। इजरायल और अमेरिका के हमलों में ईरान के कई शीर्ष नेता और सीनियर कमांडर मारे गए हैं। वहीं 165 बच्चियों समेत 1300 से ज्यादा आम लोगों की जान भी ईरान में गई है। ईरान में जान के साथ-साथ माल का भी भारी नुकसान हुआ है।

ईरान ने इजरायल और अमेरिका के हमलों के जवाब में मिसाइल और ड्रोन से अटैक किए हैं। ईरान ने इजरायल में मिसाइल दागी हैं तो खाड़ी देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर भी ड्रोन अटैक हुए हैं। ईरान ने होर्मुज के समुद्री गलियारे को भी बंद कर दिया है। इससे भारत समेत कई देशों में तेल-गैस की सप्लाई में रुकावट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button