दुर्ग में 4 दुकानों में लगी भीषण-आग:1 करोड़ का सामान जलकर राख

दुर्ग-भिलाई, छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार रात 4 दुकानों में भीषण आग लग गई। जूते-चप्पल की दुकान से फैली आग ने आसापास के 3 शॉप को अपने चपेट में ले लिया। इस घटना में 1 करोड़ से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र की है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। दूर से ही आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। आग इतनी भीषण थी कि रात के समय चारों ओर उजाला फैल गया। फिलहाल अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जूते-चप्पल की दुकान से भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे इंदिरा मार्केट में स्थित जूते-चप्पल की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और अंदर रखा माल धूं-धूंकर जलने लगा। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के 3 दुकानों को भी अपने चपेट में ले लिया।
4 दुकानों में आग पूरी तरह फैल गई। स्थानीय लोगों ने फौरन घटना की जानकारी पुलिस, दमकल टीम और दुकान मालिकों की दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। स्थिति को देखते ही हुए भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं।
टोटल 6 दमकल की गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब 3 बजे आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौदूज रहे।
शुरुआती जांच में फायरफाइटर की टीम का मानना है कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। वहीं स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि गर्मी के कारण शहर में बिजली का लोड काफी बढ़ गया है, जो इस तरह के हादसों की एक बड़ी वजह बन रहा है।
ASP बोले- जांच के बाद आग के कारणों का चलेगा पता
एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि इंदिरा मार्केट में आग लगने की सूचना पर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद ही आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है।





