भोपाल के कुठार में आग का तांडव, 15 एकड़ गेहूं की फसल राख, 1000 एकड़ को बचाने के लिए जान पर खेल गए ग्रामीण

भोपाल। जिले के कुठार गांव में शुक्रवार को खेत में गेहूं की 15 एकड़ फसल आग में जलकर राख हो गई। जिन खेतों में आग लगी, उसके आसपास एक हजार एकड़ जमीन में गेहूं की फसल खड़ी हुई थी। आग वहां तक न पहुंचे, इसलिए 50 से ज्यादा लोग दौड़ पड़े। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पानी लाकर उन्होंने आग पर काबू पाया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट भी आग को काबू करने के लिए लोगों के साथ मशक्कत करने में जुट गए। उन्होंने बताया कि आगजनी की घटना शुक्रवार की दोपहर में हुई। यदि समय रहते आग काबू में नहीं आती तो बड़ा नुकसान हो जाता, क्योंकि इन खेतों से ही आसपास के चार से पांच गांव के किसानों के खेत लगे हुए हैं।

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं

आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। तेज हवा की वजह से आग तेजी से फैल रही थी। इससे पहले गुरुवार की देर रात जिला प्रशासन ने भोपाल में पराली जलाने पर रोक लगा दी। एडीएम सुमित कुमार पांडेय ने आदेश जारी किया है कि अगले तीन महीने तक पराली यानी, नरवाई जलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

उल्लंघन करने पर दर्ज होगी FIR

उल्लंघन करने पर थाने में एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। वर्तमान में कई किसान गेहूं की कटाई में लगे हैं। इस कारण खेतों में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। किसान फसल काटने के बाद खेतों में आग लगा देते हैं। इससे भूमि की उर्वरक शक्ति भी खत्म हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button