सोने की कीमतों में कल आई थी 2,400 रुपये की गिरावट, आज क्या रहेगा सीन… खरीदें या बेचें

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई थी। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के कारण सोना 2,400 रुपये लुढ़क गया था। अब इसकी कीमत 99,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। मंगलवार को सोना रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। यह एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन के प्रति नरम रुख के बाद सुरक्षित निवेश के तौर पर मांग कम होने से सोने की कीमतों में गिरावट आई। सोने के उलट चांदी की कीमतों में तेजी देखी गई थी। यह 700 रुपये बढ़ी थी। अब चांदी 99,200 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में यह गिरावट कुछ समय के लिए ही है। आगे जाकर इसमें ज्यादा अस्थिरता बनी रहने की आशंका है। पीली धातु की कीमतों में आज और थोड़ी नरमी देखने को मिल सकती है।
कीमतों में कुछ कमी के संकेत
एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने भी सोने की कीमतों पर अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि बुधवार को सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई। यह तीन अप्रैल के बाद भारी बिकवाली को दर्शाता है, जो हाल की तीव्र उछाल से संभावित अल्पकालिक उलटफेर का संकेत है।’ इसका मतलब है कि सोने की कीमतों में जो तेजी आई थी, वह अब कम हो रही है।
त्रिवेदी ने आगे कहा कि टैरिफ संबंधी चिंताएं कम होने के साथ ही सोने के दाम में कुछ कमी देखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आगे जाकर सोने के 94,000-98,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच कारोबार करने की उम्मीद है। कुल मिलाकर इसमें उच्च अस्थिरता बनी रहने की आशंका है। इसका मतलब है कि सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
कल 2,400 रुपये फिसला था सोना
बुधवार को दिल्ली सराफा बाजार में सोने की चमक फीकी पड़ी थी। सोने की कीमत में 2,400 रुपये की गिरावट आई थी। अब सोना 99,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। मंगलवार को सोना 1,01,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन, यह तेजी ज्यादा देर तक नहीं टिकी।
कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला ने कहा कि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह फेडरल रिजर्व के चेयरमैन पॉवेल को नहीं हटाएंगे। इससे फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता में विश्वास बहाल करने में मदद मिली और निवेशकों की चिंता कम हुई।





