पति शिक्षक है बोलकर युवती से शादी कराई:बिलासपुर में मैरिज ब्यूरो वाली महिला ने रची सा

बिलासपुर में मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने अपने ही पति की युवती से शादी करवा दी। महिला ने युवती को पति की प्रोफाइल भेज कर उसे सरकारी टीचर बताया। युवती को रिश्ता पसंद आया और उसने युवक से शादी कर ली।

साल भर तक युवती को कुछ समझ नहीं आया। जब सच्चाई सामने आई तो वह हैरान रह गई। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के साथ ही पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

11 महीने के बाद धोखाधड़ी का पता चला

मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला और उसके पति का षड्यंत्र सामने आया, तब युवती ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण की रहने वाली दमयंती चौधरी ने बताया कि शादी के करीब 11 महीने के बाद उसे धोखाधड़ी का पता चला।

महिला ने बताया कि उसे शादी करनी थी, जिसके लिए लड़का ढूंढ रही थी। अमेरी में मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला चित्रा चौधरी ने उसे तीन-चार लड़कों का प्रोफाइल भेजा, जो पसंद नहीं आया, जिसके बाद उसने हरियाणा के सिरसा के भारूखेड़ा निवासी संजय चौधरी का प्रोफाइल भेजा, जिसे उसने नवोदय विद्यालय का टीचर बताया।

साथ ही उसका मूल निवास मुंगेली के पठारीकापा के होने की जानकारी दी। युवती ने इस रिश्ते को उसने पसंद कर लिया।

शादी के बाद पता चला टीचर नहीं है पति

जिसके बाद चित्रा ने साल 2024 में गिरौदपुरी धाम में उसकी शादी करा दी। शादी के बाद युवती संजय और उसके परिवार के साथ रहने लगी। कुछ दिनों बाद युवती को पता चला कि संजय पहले से ही शादीशुदा है। उसका एक बेटा भी है। साथ ही वह कोई नौकरी भी नहीं करता है।

इस दौरान उसके ससुरालवालों ने बताया कि उसकी पत्नी अपने बच्चे को छोड़कर 3-4 साल पहले अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। वह अब कहां है किसी को पता नहीं है। अब पति के साथ बेटे का भी परवरिश उसे ही करना है।

ब्यूटीपार्लर खोलकर चलाती रही परिवार

इतना सब जानने के बाद भी युवती सब कुछ सहती रही। चूंकि संजय के पास कोई काम नहीं था तो दोनों बिलासपुर के विनोबा नगर में आकर रहने लगे। युवती ने यहां अपना ब्यूटीशियन का काम शुरू किया, जिससे परिवार चलाने लगी।

पति की हरकत और मोबाइल से खुला धोखाधड़ी का राज

युवती ने पुलिस को बताया कि अपने पति संजय कुमार की हरकतों पर उसे शंका होने लगी। जिस पर उसने संजय के मोबाइल को चेक किया, तब पता चला कि मैरिज ब्यूरो की संचालिका चित्रा कुमारी ही संजय कुमार की पहली पत्नी है। लेकिन, जब तक सच्चाई सामने आई, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

संजय ने उससे 7 लाख रुपए वसूल लिए थे। वहीं, उसके पैसे से ही कार खरीद ली थी। युवती ने बताया कि संजय कुमार और चित्रा कुमारी ने मिलकर साजिश की और उसे धोखे में रखकर विवाह कराया गया।

पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। 2 दिनों तक महिला चित्रा कुमारी और उसका पति संजय सिंह फरार थे। रविवार को पुलिस ने अमेरी स्थित उनके निवास में दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button