राजस्थान के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट:रांची में स्कूल बंद, भोपाल-इंदौर में आंधी-बारिश की चेतावनी

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री हो गई है। पूर्वी UP के 13 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी दी है।

राजस्थान में बुधवार को मानसून की एंट्री के बाद गुरुवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 4 दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश होगी।

मध्यप्रदेश के 54 जिलों में मानसून पहुंच गया है। ग्वालियर और चंबल में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल और इंदौर में आंधी-बारिश की संभावना है।

झारखंड में आज बारिश का रेड अलर्ट है। रांची के सभी स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे। बुधवार को खराब मौसम के कारण रांची से 4 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं।

मौसम विभाग ने गुरुवार को गुजरात, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, कर्नाटक और केरल के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

केदारनाथ रूट पर लैंडस्लाइड से 2 की मौत, ओडिशा में अलर्ट

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा रूट पर बुधवार को तेज बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।

ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर, झारसुगुड़ा और संबलपुर में बहुत भारी बारिश और समुद्र की स्थिति बहुत खराब होने की संभावना है। इसलिए मछुआरों को इस दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली की हवा 8 महीने बाद सबसे साफ, AQI 81 पहुंचा 

दिल्ली में प्री-मानसून एक्टिविटी के कारण रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के कारण दिल्ली के लोगों गर्मी से राहत मिली है। साथ ही प्रदूषण भी कम हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को दिल्ली में 8 महीने से ज्यादा समय में सबसे साफ हवा दर्ज की गई।

ऐसा इसलिए क्योंकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गिरकर 81 पर आ गया, जो इसे संतोषजनक कैटेगरी में रखता है। इससे पहले सबसे साफ हवा 29 सितंबर 2024 को दर्ज की गई थी, जिसमें 76 AQI था। CPCB के मुताबिक 0 से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 के बीच AQI संतोषजनक, 101 से 200 के बीच AQI मध्यम, 201 से 300 के बीच AQI खराब, 301 से 400 के बीच AQI बहुत खराब और 401 से 500 के बीच AQI गंभीर माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button