बिहार समेत 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट:असम में 7 लाख लोग बाढ़ प्रभावित

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिहार समेत पूर्वाेत्तर के 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी राजस्थान, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गर्मी-उमस की आशंका है।
राजस्थान के 8 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 12 जिलों में गुरुवार को भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं, मध्य प्रदेश में शुक्रवार को लगातार 42 वें दिन आंधी-बारिश का अलर्ट है। भोपाल-इंदौर समेत 45 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।
इधर, देश के पूर्वोत्तर राज्यों में गुरुवार को लगातार बारिश से बाढ़ और लैंडस्लाइड के हालात बने रहे। असम के 21 जिलों में करीब 7 लाख लोग प्रभावित हैं। बाढ़-भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। वहीं, भूस्खलन से प्रभावित उत्तरी सिक्किम के चाटेन से 63 लोगों को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया। 64 लोग अब भी फंसे हैं।
उधर,बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश में धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं में तापमान में भारी गिरावट आई है। धर्मशाला में तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक पहुंच चुका है। इसने अब तक 18 राज्यों में दस्तक दी है। 10 जून तक मध्य प्रदेश पहुंच सकता है।।