ऐ-भाई जरा देख कर चलो! बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे के नीचे लगे गलत दिशा सूचक बोर्ड, भटक रहे राहगीर

बदायूं: उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और बदायूं जिले से गुजर रहे हिस्से का काम भी लगभग अंतिम चरण में है। लेकिन इसी जल्दबाजी के बीच एक ऐसी चूक सामने आई है जो राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। गंगा एक्सप्रेस-वे के नीचे सहसवान–बिसौली मार्ग पर लगाए गए दिशा सूचक बोर्ड इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं।
बिसौली से सहसवान की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे दो दिशा सूचक बोर्डों में दिशा संबंधी भारी गड़बड़ी सामने आई है। इन बोर्डों पर दर्शाई गई दिशाएं वास्तविक रास्तों से मेल नहीं खा रही हैं, जिससे खासतौर पर बाहरी वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गलत दिशा ने बढ़ाई राहगीरों की मुश्किल
पहला दिशा सूचक बोर्ड बिसौली से सहसवान की ओर जाने पर दिखाई देता है जिसमें बाईं ओर बिसौली जाने का संकेत दिया गया है, जबकि उस स्थान पर बिल्सी की दिशा दर्शाई जानी चाहिए थी। वहीं दूसरा बोर्ड सहसवान से बिसौली की ओर आने पर नजर आता है जिसमें दोनों दिशाओं में बिसौली जाने का संकेत दिया गया है, जबकि दाईं ओर बिल्सी लिखा होना चाहिए था।
स्थानीय लोगों में भी भ्रम
हालांकि अभी गंगा एक्सप्रेस-वे का कार्य पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और न ही इसका औपचारिक उद्घाटन हुआ है, लेकिन इसके नीचे से गुजरने वाले सहसवान–बिसौली मार्ग पर यह समस्या लगातार सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गलत दिशा सूचक बोर्डों के चलते रोजाना लोग रास्ता पूछते नजर आते हैं।
बाहरी यात्री या तो स्थानीय लोगों से रास्ता पूछने को मजबूर हैं या फिर मोबाइल मैप का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं। इन बोर्डों को लेकर अब लोग व्यंग्य में कहने लगे हैं, ऐ-भाई जरा देख कर चलो, आगे ही नहीं पीछे भी, दाएं भी नहीं बाएं भी!





