एडीजी के घर के सामने हाई वोल्टेज ड्रामा, आपस में भिड़े दो युवक, सुरक्षाकर्मी को दी जान से मारने की धमकी

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह के त्रिलंगा स्थित सरकारी आवास के सामने मंगलवार तड़के दो युवकों के बीच विवाद हो गया। घटना के दौरान युवकों ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मी से अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीजी ने डीजीपी और पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर आवास की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
उधर शाहपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दो युवक कार से आते दिखाई दिए, जिनमें से एक के हाथ में डंडा भी था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो बढ़कर हंगामे में बदल गई। सूचना मिलने पर शाहपुरा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने कहा- गलत पते पर पहुंच गए थे
थाना प्रभारी संतोष मरकाम के अनुसार नितेश चौरसिया और रुद्राक्ष यादव कोटरा सुल्तानाबाद के रहने वाले हैं। दोनों आपस में दोस्त हैं और इवेंट मैनेजमेंट का काम करते हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गलत पते पर पहुंच गए थे, इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।
आरोपियों का खंगाला जा रहा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपितों का एडीजी या उनके स्टाफ से कोई सीधा विवाद नहीं था। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा है। फिलहाल दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और मामले की जांच जारी है।





