MP में शुरू हुआ HPV वैक्सीन अभियान, सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए जरूरी, PM मोदी आज अजमेर से करेंगे शुभारंभ

भोपाल। सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे जानलेवा कैंसर है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए भारत सरकार राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शनिवार से प्रारंभ करने जा रही है, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान के अजमेर जिले से करेंगे।
यह अभियान आगामी तीन माह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल शामिल होंगे और राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ करेंगे। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल डा. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल भोपाल में अभियान का शुभारंभ करेंगे।
टीकाकरण के लिए पात्रता और मापदंड
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं टीकाकरण के लिए पात्र होंगी। साथ ही अभियान प्रारंभ होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएं भी पात्र मानी जाएंगी।
यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक है तथा अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। निर्धारित अनुसार 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी।
शासकीय केंद्रों पर उपलब्ध होगी सुविधा
एचपीवी टीकाकरण केवल शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और शासकीय मेडिकल कालेज जिनमें चिकित्सा अधिकारी उपलब्ध हैं, में किया जायेगा।
टीकाकरण के पश्चात बालिका को 30 मिनट तक अवलोकन में रखा जाएगा। अभियान अवधि के दौरान प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।





