‘5 छक्के तो नहीं खाऊंगा’, अक्षर पटेल इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल ओवर डालने को थे तैयार, फिर क्या हुआ?

नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में बीते गुरुवार को खेला गया। 250 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद भी भारत यह मुकाबला सिर्फ 7 रन से जीता। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शानदार बैटिंग की, लेकिन फिर भी वे अपनी टीम को मैच नहीं जिता पाए। अब टीम इंडिया फाइनल में पहुंच गई है, जहां उनका सामना न्यूजीलैंड से होगा।
भारत के स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 1 विकेट तो लिया ही इसके अलावा कुछ अच्छे कैच लपके, जिन्होंने मैच का रुख पलट दिया। वहीं मैच के बाद अक्षर पटेल ने ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत करते हुए कहा कि वह आखिरी ओवर डालने को भी तैयार थे।





