भोपाल में शादी से इनकार पर युवती की नाक काटी:मां बोली- बेटी इंटरव्यू देने निकली थी; आरोपी धमकाकर साथ ले गया, चाकू मारे

भोपाल में एक युवक ने युवती की नाक काट दी। वह उसे जबरन बाइक पर बैठाकर आईटी पार्क ले गया। यहां शादी करने के लिए दबाव बनाया। युवती के इनकार करने पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती को गंभीर चोट आई है।
मामला गांधीनगर इलाके में गुरुवार का है। पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय युवती गांधीनगर में रहती है। वहीं, आरोपी युवक दिनेश जाटव (24) सीहोर जिले के दोराहा का रहने वाला है। वह सीहोर में ड्राइवरी करता है। वह हाल ही में युवती के घर के पास किराए से रहने आया था। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की।
मां बोली-इंटरव्यू देने निकली थी बेटी पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी एक प्राइवेट स्कूल में इंटरव्यू देने के लिए घर से निकली थी। आरोपी को इस बात की जानकारी थी, लिहाजा घात लगाकर बैठा हुआ था। बेटी को देखते ही डरा धमका कर उसने बाइक पर बैठने के लिए मजबूर किया। इसके बाद एकांत में ले गया जहां उस पर चाकू से वार कर दिया। बेटी ने घायल हालत में कॉल कर मुझे मदद मांगी।
बेटी को कॉल पर हिम्मत दिलाती रही मां ने बताया कि मैं तत्काल बेटी के बताए पते पर उसकी तलाश में बेटे के साथ पहुंची। इस दौरान बेटी लगातार कॉल पर संपर्क में बनी रही। उसकी आवाज लड़खड़ा रही थी, लेकिन मैं हिम्मत दिलाती रही और आखिरकार उसे तलाश लिया।
तत्काल इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राइमरी ट्रीटमेंट के बाद बेटी को हमीदिया अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अस्पताल में बेटी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, उसकी नाक की सर्जरी की जा रही है।
टीआई बोले-आरोपी की तलाश जारी गांधीनगर थाने के प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दोराहा और सीहोर सहित उसके तमाम संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।





