सेवा पखवाड़ा व विकसित भारत पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

बेमेतरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज टाउन हॉल बेमेतरा में आदि सेवा पर्व, सेवा पखवाड़ा एवं विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ साजा विधायक श्री ईश्वर साहू ने किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शनी में प्रदर्शित प्रधानमंत्री श्री मोदी के कृतित्व एवं व्यक्तित्व की झलक को सराहा।

इस प्रदर्शनी का आयोजन जिला जनसंपर्क कार्यालय बेमेतरा द्वारा किया गया। इसमें प्रधानमंत्री श्री मोदी के जीवन की प्रेरणादायक यात्रा, संघर्ष से लेकर मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री बनने तक का सफर, उनके जनकल्याणकारी कार्यों तथा विकसित भारत के संकल्प को सजीव छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में विशेष रूप से डिजिटल इंडिया की पहचान, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, छत्तीसगढ़ को मिली सौगातें, शिक्षा के नए अध्याय, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, जलशक्ति अभियान, आतंकवाद पर कड़ा प्रहार, अंतरिक्ष शक्ति, ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति तथा हर गरीब को आवास जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों द्वारा दर्शाया गया। इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग की पत्रिका जनमन का निःशुल्क वितरण भी किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, सम्मानित नागरिक, विद्यार्थी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button