ईरान-इजरायल युद्ध से अडानी को बड़ा नुकसान, शेयर में बड़ी गिरावट

नई दिल्ली: ईरान-इजरायल युद्ध का गौतम अडानी पर बड़ा असर पड़ रहा है। उनकी कंपनी अडानी पोर्ट्स के शेयर में पिछले 10 दिनों में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं इससे अडानी की नेटवर्थ भी काफी कम हुई है। पिछले 24 घंटे में अडानी की नेटवर्थ में 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी आई है।
अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APEZ) के शेयर में पिछले 10 दिनों में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है। इस गिरावट का सबसे बड़ा कारण ईरान-इजरायल का हमला है। दरअसल, पिछले हफ्ते ईरान ने इजरायल के तटीय शहर हाइफा को निशाना बनाते हुए कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। यहां हाइफा पोर्ट इजरायल का एक बड़ा बंदरगाह है जिसमें गौतम अडानी का अच्छा-खासा निवेश है। अडानी की कंपनी अडानी पोर्ट्स ने जनवरी 2023 में इजरायल के गैडोट ग्रुप के साथ मिलकर हाइफा पोर्ट की 70 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली थी। यह सौदा करीब 1.18 अरब डॉलर में हुआ था।
क्यों गिर रहे अडानी पोर्ट के शेयर?
इजरायल के आयात में हाइफा पोर्ट की 30 फीसदी हिस्सेदारी है। साथ ही हाइफा इजरायल एक बड़ा नौसैनिक अड्डा भी है। हमले में हाइफा पोर्ट को कोई नुकसान नहीं हुआ है और परिचालन सामान्य रूप से चल रहा है।





