हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना हमारा संकल्प : खाद्य मंत्री श्री राजपूत

मध्यप्रदेश के 70 वे स्थापना दिवस के अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिला अस्पताल सागर में मरीजों को फल और मिठाइयां बांटी। मरीजों तथा उनके परिजन से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां ली।

खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सरकार की मुख्य योजनाओं में स्वास्थ्य सेवाएं हैं। इनको लेकर निरंतर योजनाएं बनाई जा रही हैं तथा हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़कर उसके स्वास्थ्य के लिए कार्य किया जा रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती मरीज के लिए हमारे चिकित्सक हमेशा उपस्थित रहते हैं। हमारे मरीजो को अब कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। सागर में ही जिला चिकित्सालय एवं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज से जिले सहित संभाग के लोगों को बड़ी सुविधा हुई है। आधुनिक मशीनों द्वारा सभी प्रकार की जांच सागर में ही हो जाती हैं।

मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की दी जानकारी

खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने लाड़ली लक्ष्मी योजना और आयुष्मान कार्ड सहित प्रदेश सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में बताया। श्री राजपूत ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाता है। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बेटियों को शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना और गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button