‘अमेरिकी सैनिकों के लिए दलदल बन जाएगा’, ईरानी विदेश मंत्री की अमेरिका को धमकी, कहा- नहीं मांगेंगे सीजफायर

तेहरान: अमेरिका और इजरायल के लगातार हमलों के बावजूद ईरान ने अपने तेवर नरम नहीं किए हैं। इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश अमेरिका के जमीनी हमले के लिए तैयार है। अराघची की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब कहा जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल ईरान में जमीनी अभियान के लिए सैनिक उतारने की तैयारी कर रहे हैं। अमेरिकी ब्रॉडकास्टर NBC के साथ एक इंटरव्यू में ईरानी विदेश मंत्री ने अमेरिका के साथ किसी भी बातचीत से इनकार कर दिया।
अराघची इस इंटरव्यू के लिए तेहरान से वीडियो के जरिए जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान ने सीजफायर के लिए नहीं कहा है। ईरानी विदेश मंत्री से जब पूछा गया कि क्या उन्हें अमेरिका के जमीनी हमले का डर है, तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, हम उनका इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि हम उनका सामना कर सकते हैं। यह उनके (अमेरिका) लिए बड़ी मुसीबत होगी।’
ईरान ने सीजफायर के लिए नहीं कहा- अराघची
अराघची ने यह भी कहा कि ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के बावजूद सीजफायर के लिए नहीं कहा है। अराघची ने बीते जून में इजरायल के साथ 12 दिनों के युद्ध का जिक्र किया और कहा, ‘हमने पिछली बार भी सीजफायर के लिए नहीं कहा था। 12 दिन तक उनके हमले का विरोध करने के बाद उन्होंने (इजरायल) ही बिना शर्त सीजफायर के लिए कहा था।’ जून में इजरायल ने ईरान पर भीषण हमला किया, जिसने ईरान की मिलिट्री लीडरशिप और शीर्ष परमाणु वैज्ञानिकों को निशाना बनाया था। उस दौरान अमेरिका ने ईरान की परमाणु सुविधाओं पर बम गिराए थे।
अमेरिका के साथ बातचीत से इनकार
अराघची ने कहा कि बातचीत के बीच में हमले ने ईरान को भविष्य की किसी भी वार्ता से दूर कर दिया है। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा, सच तो यह है कि अमेरिका के साथ बातचीत का कोई अच्छा अनुभव नहीं है। खासकर इस प्रशासन के साथ। हमने पिछले साल और इस साल दो बार बातचीत की और फिर बातचीत के बीच में उन्होंने हम पर हमला कर दिया। इसलिए हमें उन लोगों के साथ फिर से बातचीत का कोई कारण नहीं दिखता, जो ईमानदार नहीं हैं और अच्छी नीयत से बातचीत नहीं करते हैं और न ही करेंगे।





