लश्कर आतंकी सैफुल्लाह ढेर, पाकिस्तान में मारी गोली:RSS मुख्यालय और CRPF कैंप हमले का मास्टरमाइंड था; नेपाली महिला से की थी शादी

लश्कर-ए-तैयबा और जमात का आतंकवादी रजुल्लाह निजामनी उर्फ ​​अबू सैफुल्लाह मारा गया है। सैफुल्लाह को पाकिस्तान के सिंध में मतली फलकारा चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। हालांकि उसे गोली कब मारी गई, इसकी जानकारी अभी नहीं है।

सैफुल्लाह नेपाल में लश्कर के मॉड्यूल पर काम कर रहा था। वह नेपाल में विनोद कुमार के नाम से काम करता था। उसने नेपाली महिला नगमा बानू से शादी की थी।

सैफुल्लाह भारत में आतंकियों की घुसपैठ और आर्थिक मदद जुटाने जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम दे रहा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सैफुल्लाह लश्कर के ऑपरेशनल कमांडर आजम चीमा उर्फ बाबाजी का सहयोगी था।

सैफुल्लाह 2006 में नागपुर के RSS मुख्यालय पर हुए हमले में शामिल था। इसके अलावा 2008 में उत्तर प्रदेश के रामपुर में CRPF कैंप पर हुए आतंकी हमले और 2005 में IISC बेंगलुरु पर हमले की साजिश का मास्टरमाइंड था।

RSS हेडक्वॉर्टर पर आतंकी हमले की साजिश रची थी

  • 2006 में नागपुर में RSS मुख्यालय पर आतंकियों ने एक बड़े हमले की साजिश रची थी।
  • इस हमले को सुरक्षा बलों ने समय रहते नाकाम कर दिया था।
  • 2006 में 1 जून की सुबह लगभग 4:00 से 5:00 बजे के बीच तीन हमलावर एक सफेद कार में सवार होकर आए।
  • कार में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक थे। हमलावरों के पास AK-47 राइफल्स और ग्रेनेड भी थे।
  • उन्होंने RSS मुख्यालय में जबरन घुसने की कोशिश की, लेकिन उस समय वहां पहले से तैनात सीआरपीएफ जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की।
  • मुठभेड़ में तीनों हमलावर मारे गए।
  • किसी भी सुरक्षा कर्मी या RSS स्वयंसेवक को कोई नुकसान नहीं हुआ।

रामपुर में CRPF कैंप पर हमले में 7 जवान शहीद हुए थे

  • उत्तरप्रदेश के रामपुर में 31 दिसंबर 2007 की रात को आतंकियों ने सीआरपीएफ कैंप पर हमला किया था।
  • इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शामिल थे।
  • रात करीब 2:30 बजे आतंकियों ने दिल्ली-लखनऊ रोड पर CRPF ग्रुप सेंटर के गेट नंबर एक से अंदर घुसकर हमला किया।
  • AK-47 राइफलों और हैंड ग्रेनेड्स का इस्तेमाल करते हुए जवानों को निशाना बनाया।
  • हमले में सात सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए और एक रिक्शा चालक की भी मौत हो गई।
  • हमले के बाद उत्तर प्रदेश एसटीएफ और पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
  • मामले में 12 साल बाद 2019 में अदालत ने छह आरोपियों को सजा सुनाई थी।

लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी अबू कताल मार्च में मारा गया था

इससे पहले लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का मोस्ट वांटेड आतंकी अबू कताल 15 मार्च की रात पाकिस्तान में मारा गया था। पंजाब राज्य में अनजान हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

अबू कताल 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद का करीबी था। कताल LeT का अहम सदस्य था और जम्मू-कश्मीर में कई हमलों की साजिश रचने के लिए जाना जाता था।

पिछले साल 9 जून को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शिवखोड़ी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर हमले में भी कताल का हाथ था। इसमें 10 लोगों की जान गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button