भोपाल में नरेला विधानसभा की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी, एक ही मकान में मिले 43 वोटरों के नाम

भोपाल। मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद 21 फरवरी को जारी अंतिम मतदाता सूची में भी गड़बड़ी सामने आई है।
भोपाल के नरेला विधानसभा क्षेत्र में बूथ क्रमांक 63 (वार्ड 75) के अंतर्गत रहने वाले पोखरलाल साहू के मकान में 37 मतदाता के नाम पाए गए। इसी तरह वार्ड 63 में भी कमलेंद्र गुप्ता के पते पर 36 मतदाता दर्ज पाए गए। मकान नंबर 21 में हमीर सिंह यादव के पते पर 43 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने पकड़ी गड़बड़ी और उठाए सवाल
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने यह गड़बड़ी पकड़ी है, उन्होंने एसआइआर प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि करौंद क्षेत्र में मतदाता सूची शुद्धीकरण के बावजूद एक ही पते पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मिलने की जानकारी सामने आई। मौके पर देखा तो पता लगा कि जिस पते पर 37 मतदाता बताए गए, वहां वास्तव में चार लोग ही रहते हैं।
जांच की मांग और निर्वाचन आयोग को शिकायत
अधिकतर मतदाता अलग-अलग जाति के हैं। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं चुनाव आयोग से मामले में जांच की मांग की है।





