मालेगांव ब्लास्ट केस, सातों आरोपी बरी:फडणवीस बोले- आतंकवाद न भगवा था, न है, न रहेगा

महाराष्ट्र के मालेगांव ब्लास्ट केस में स्पेशल NIA कोर्ट ने पूर्व भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा समेत सातों आरोपियों को बरी कर दिया है। साल 2008 में महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में एक बाइक में धमाका हुआ था। इसमें छह लोग मारे गए और 101 घायल हुए थे।
स्पेशल NIA कोर्ट का फैसला गृह मंत्री अमित शाह के राज्यसभा में उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। ब्लास्ट केस में बरी होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि पिछले 17 सालों से मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई। भगवा का अपमान करने वालों को भगवान सजा देंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आतंकवादी न कभी भगवा था, न है और न कभी होगा। वहीं, कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि आतंकवाद को किसी धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता।
NDA के नेताओं के बयान
1. रविशंकर प्रसाद, भाजपा सांसद
आज का दिन ऐतिहासिक है। कांग्रेस के हिंदू आतंकवाद का षडयंत्र आज धाराशायी हो गया। किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई सबूत नहीं था। भाजपा इस फैसले का स्वागत करती है। ये साजिश धाराशायी हुई, इस पर हमें संतोष है और खुशी भी है। सच्चाई बहुत दिन तक झुठलाई नहीं जा सकती। यह वोट बैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस की सोची-समझी साजिश थी।
2. हिमंत बिस्वा सरमा, असम CM
केंद्रीय गृह मंत्री ने कल सदन में भी कहा था कि हिंदू आतंकवादी नहीं हो सकते क्योंकि हमारी संस्कृति और हमारी सभ्यता कभी आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देती। कांग्रेस के शासन के दौरान, एक विशेष समुदाय को खुश करने के लिए एक शब्दावली गढ़ी गई थी- ‘हिंदू आतंकवाद’। हिंदू और आतंक दो अलग अवधारणाएं हैं। हिंदू कभी आतंक में विश्वास नहीं करते और हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकते।
I.N.D.I.A ब्लॉक के नेताओं के बयान
1. अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी चीफ
जो बात आप (मीडिया) समझ रहे हो वही मैं समझ रहा हूं। जो आप कहना नहीं चाहते वो मैं नहीं कह रहा। कहीं ऐसा तो नहीं कि खबरें दबाने के लिए खबर आ रही हो?
2. दिग्विजय सिंह, कांग्रेस सांसद
आतंकवाद को किसी भी धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। हिंदू आतंकवाद या इस्लामी आतंकवाद जैसी कोई चीज नहीं है। हर धर्म प्रेम, सद्भाव, सत्य और अहिंसा का प्रतीक है।
3. इमरान प्रतापगढ़ी, कांग्रेस सांसद
कांग्रेस पहले दिन से कह रही है कि धर्म का आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं है। यह शब्द तत्कालीन गृह सचिव आरके सिंह ने गढ़ा था। भाजपा ने उन्हें 10 साल तक मंत्री और सांसद बनाकर अपने साथ बिठाए रखा। यह फैसला है, न्याय नहीं। भाजपा उन्हें आरोपी नहीं मान रही थी।