मेलोनी ने पहलगाम हमले पर PM मोदी से बात की:आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्थन जताया

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने गुरुवार रात प्रधानमंत्री मोदी से टेलीफोन पर बात की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताया।

उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इटली के पूर्ण समर्थन की बात दोहराई। PM मोदी ने उनके इस समर्थन और आतंक के खिलाफ स्पष्ट संदेश की सराहना की। मेलोनी के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी PM मोदी से फोन पर बात की।

उन्होंने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताते हुए कहा कि फ्रांस और उसके सहयोगी आतंकवाद के खिलाफ जहां भी जरूरत होगी, लड़ाई जारी रखेंगे। मैक्रों ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत की जानकारी हिंदी में एक्स पर पोस्ट की।

ब्रिटिश संसद में गूंजा पहलगाम आतंकी हमला

ब्रिटिश संसद में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का मामला गूंजा। सिख सांसद तनमनजीत सिंह ढेसी और ब्रिटिश सांसद बॉब ब्लैकमैन ने गुरुवार (24 अप्रैल) को संसद में इस मुद्दे को उठाया और इसे कायरतापूर्ण, भयंकर और चौंकाने वाला आतंकी हमला करार दिया।

सांसद ढेसी ने कहा, "मैं कश्मीर में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले से बेहद दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि दोषियों को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।"

उन्होंने संसद में मौजूद सदन के नेता से अनुरोध किया कि वे इस अवसर पर भारतीय लोगों के प्रति ब्रिटिश संसद की संवेदना व्यक्त करें और इस अमानवीय हमले की कड़ी निंदा करें।

UN ने भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने की अपील की

UN महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने भारत और पाकिस्तान की सरकारों से संयम बरतने और हालात को और बिगड़ने से रोकने की अपील की है। गुटेरस के प्रवक्ता स्टेफन दुजारिक ने बताया कि UN महासचिव दोनों देशों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button