एमपी सरकार ने शुरू की होम स्टे योजना, खाली कमरों से कमाई का शानदार मौका; ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की होम स्टे योजना आम लोगों के लिए कमाई का नया जरिया बनकर उभर रही है। अगर आपके घर में खाली कमरे हैं, तो अब उन्हें किराये पर देकर अतिरिक्त आय हासिल की जा सकती है। पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह योजना स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का भी माध्यम बन रही है।
इस योजना के तहत मकान मालिक अपने घर के खाली कमरों को पर्यटकों के लिए उपलब्ध करा सकते हैं। इससे आय बढ़ेगी। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को स्थानीय माहौल में रहने का अनुभव भी मिलेगा।
ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा
योजना में शामिल होने के लिए इच्छुक लोगों को ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। इसके लिए mptourism.mponline.gov.in पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है। पंजीयन के बाद अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा।
पंजीयन के लिए जरूरी शर्तें
आवेदन के समय पहचान पत्र, मकान से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा। पंजीयन के बाद नियमों का पालन करना भी आवश्यक रहेगा।
क्या करें और क्या न करें
योजना में शामिल होने के लिए साफ-सुथरे और सुरक्षित कमरे होना जरूरी है। वहीं बिना पंजीयन के होम स्टे संचालित करना नियमों के खिलाफ होगा।
अनुदान और सहायता
पंजीयन होने पर पहले वर्ष 50 अतिथि दिवस पर 15 हजार रुपये, दूसरे वर्ष 75 पर 20 हजार, तीसरे वर्ष 100 पर 25 हजार रुपये राज्य सरकार की ओर से अनुदार दिया जाता है। होम स्टे का ब्रोशर तैयार करने पर 10 ह जार और नेशनल व इंटरनेशनल ट्रैवल मार्ट पर भागीदारी पर 50 हजार रुपये की ग्रांट मिलीत है।
पात्रता
आवासीय भवन में 1 से 6 अतिरिक्त कमरे और अधिकतम 12 बेड की व्यवस्था हो सकती है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का उद्देश्य इस योजना के जरिए प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देना है। स्थानीय लोगों की भागीदारी से न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं का प्रचार-प्रसार भी होगा।





